बलिया। बेरुआरबारी विकासखंड के ग्राम पंचायत शिवपुर में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रही है। यहां आधुनिक सुविधाओं के बीच पढ़ाई कर अब तक सात बच्चों ने विभिन्न विभागों में नौकरी हासिल कर ली है, जबकि वर्तमान में 22 बच्चे दो पालियों में नियमित अध्ययन कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं।
ग्राम पंचायत अधिकारी शशांक शेखर ने बताया कि शिवपुर की डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन 8 नवंबर 2025 को किया गया था। यहां अध्ययन करने वाले सात युवाओं का चयन होमगार्ड, रेलवे और जल निगम सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुआ है।
इन बच्चों की कामयाबी से जहां गांव का मान बढ़ा है, वहीं अन्य युवाओं में भी प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर नया उत्साह और आत्मविश्वास जागा है।
शिवपुर की डिजिटल लाइब्रेरी को आधुनिक संसाधनों से लैस किया गया है। यहां विद्यार्थियों के लिए वाई-फाई इंटरनेट, शुद्ध पेयजल के लिए आरओ, 1500 वाट का सोलर पैनल, बैटरी तथा बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। शांत और पढ़ाई के अनुकूल माहौल मिलने से ग्रामीण बच्चे नियमित रूप से यहां समय बिताकर अपनी तैयारी को मजबूत कर रहे हैं।