रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Balrampur News:गड्ढों में गुम हुई सड़कों की पहचान – Roads Lost In Potholes
बलरामपुर

Balrampur News:गड्ढों में गुम हुई सड़कों की पहचान – Roads Lost In Potholes

November 26, 2026


बलरामपुर। जिले में बदहाल सड़कें लोगों के लिए रोजाना की मुसीबत बन गई हैं। कहीं सड़क की गिट्टी उखड़ चुकी है तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढों ने सड़क की पहचान ही मिटा दी है। इन रास्तों से गुजरना स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों, दुकानदारों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए चुनौती बन गया है। स्कूली बच्चों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है तो मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। किसानों को अपनी उपज मंडियों और क्रय केंद्रों तक ले जाने में दिक्कत उठानी पड़ रही है। रात के समय इन सड़कों पर सफर करना और भी जोखिम भरा हो जाता है।

गैसड़ी क्षेत्र का दुल्हनडीह से सिरसिहवा जाने वाला लोक निर्माण विभाग का संपर्क मार्ग बदहाली की एक बानगी है। सड़क की गिट्टी उखड़ने से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। बाइक और साइकिल के पहिये तक पंचर हो जाते हैं। बगहीसीर निवासी रमेश कुमार बताते हैं कि सड़क खराब होने से रोजाना आवागमन करने वालों को परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं। सड़क की मरम्मत होने से लोगों को राहत मिलेगी।

गैसड़ी क्षेत्र के सुखरामपुर से सोनपुर धवाई जाने वाले मार्ग की स्थिति भी खराब है। इस रास्ते से लालपुर, भुवनडीह, मनकापुर, सुखरामपुर और रजडेरवा समेत आसपास के गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गड्ढे रात के समय अधिक खतरनाक हो जाते हैं। सुखरामपुर निवासी दिलीप बताते हैं कि अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देते। बाइक और साइकिल सवार अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। सड़क की मरम्मत नहीं होने से कई गांवों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

रेहरा बाजार क्षेत्र में सरायखास से मुबारकपुर जाने वाला मार्ग भी बदहाली का शिकार है। नथईपुर कुंवर गांव के पास सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस मार्ग से करीब 10 गांवों के लोग आवागमन करते हैं। मुबारकपुर निवासी प्रमोद कुमार का कहना है कि सड़क खराब होने से राहगीरों को काफी परेशानी होती है।

स्कूल पहुंचना चुनौती, मरीजों की राह भी मुश्किल

खराब सड़कों का असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर भी पड़ रहा है। गांवों से स्कूल जाने वाले बच्चों को गड्ढों भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है। साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों के गिरने का खतरा बना रहता है। छात्र शिवम कुमार और छात्रा अंशिका वर्मा ने बताया कि खराब रास्तों से रोजाना स्कूल पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। वहीं, रामकुमार और श्यामलाल का कहना है कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान भी खराब रास्तों की परेशानी झेलनी पड़ती है। गड्ढों के कारण एंबुलेंस को भी आवागमन में मुश्किल होती है। इससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत हो सकती है।

दस माह में 239 हादसों में 142 लोगों की मौत

जिले में जनवरी से नवंबर तक हुए सड़क हादसों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। इस अवधि में 239 सड़क दुर्घटनाओं में 142 लोगों की जान गई, जबकि 245 लोग घायल हुए। हालांकि, इन सभी दुर्घटनाओं का कारण खराब सड़कें या गड्ढे नहीं हैं, लेकिन बदहाल सड़कों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ जाता है। रात में अंधेरा होने और गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।

शिकायतों के बाद भी मरम्मत का इंतजार

दुल्हनडीह-सिरसिहवा, सिसवा चौराहा-सिसवा गांव, सुखरामपुर-सोनपुर धवाई और सरायखास-मुबारकपुर मार्ग की स्थिति ग्रामीण संपर्क मार्गों की बदहाली बयां कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों की हालत सुधारने के लिए कई बार मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जर्जर सड़कों का सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने की मांग की है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और अन्य राहगीरों को राहत मिल सके।

दुल्हनडीह से सिरसिहवा जाने वाली जर्जर सड़क।-

दुल्हनडीह से सिरसिहवा जाने वाली जर्जर सड़क।-

दुल्हनडीह से सिरसिहवा जाने वाली जर्जर सड़क।-

दुल्हनडीह से सिरसिहवा जाने वाली जर्जर सड़क।-

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X