Balrampur News:18 खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे प्रतिभा – 18 Players Will Showcase Their Talent At The State-level Competition
बलरामपुर। जिले के 18 जूडो खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। मंडलीय स्तरीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बालक और बालिका वर्ग में नौ-नौ खिलाड़ियों का चयन देवीपाटन मंडल की टीम में हुआ है। खिलाड़ियों के चयन पर खेल विभाग के अधिकारियों ने खुशी जताई है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि एक से तीन दिसंबर तक कानपुर में प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर गोंडा में मंडलीय ट्रायल आयोजित किया गया था। ट्रायल में जिले की जूडो खिलाड़ी शिवांशी, शालिनी, वैभव लक्ष्मी, संध्या, रिमझिम ओझा, नैन्सी, जिया मीना, राक्षीता पांडेय और मानवी पांडेय का चयन किया गया है।
वहीं, बालक वर्ग में विकास, श्रेयांश, समट, चंदन, यशराज जायसवाल, राहुल, अंकित, आर्यन और परम चयनित किए गए हैं। विभिन्न भार वर्गों में चयनित जिले के खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों के चयन पर उप क्रीड़ा अधिकारी अनुपमा धानुक, प्रशिक्षक विजय शंकर पांडेय, नागेंद्र गिरि, सूरज कुमार, अभय सिंह, हिना खातून और पवन तिवारी आदि ने बधाई दी है।
