रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Banda News:कोहरा नहीं फिर भी ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक, दानापुर स्पेशल 18 घंटे लेट – Trains Slowed Down Despite No Fog; Danapur Special Running 18 Hours Late
बांदा

Banda News:कोहरा नहीं फिर भी ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक, दानापुर स्पेशल 18 घंटे लेट – Trains Slowed Down Despite No Fog; Danapur Special Running 18 Hours Late

November 26, 2026


चित्रकूट/मानिकपुर। कोहरे ने अभी दस्तक भी नहीं दी है, लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बृहस्पतिवार को मानिकपुर जंक्शन पर दानापुर स्पेशल 18 घंटे से अधिक की देरी से पहुंची।

इसके अलावा 12 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से एक से 15 घंटे तक विलंब से आईं। घंटों प्लेटफॉर्म पर भूखे-प्यासे इंतजार करने के बाद भी यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई। खाने-पीने की चीजों के लिए भी उन्हें भटकना पड़ा।

पूना से दानापुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन को बुधवार शाम 4.10 बजे मानिकपुर जंक्शन पहुंचना था, लेकिन यह बृहस्पतिवार सुबह 10.15 बजे पहुंची। ट्रेन में सवार बिहार निवासी रज्जू ने बताया कि उसके घर में बृहस्पतिवार को शादी है।

ट्रेन के घंटों लेट होने से वह समय पर नहीं पहुंच पाएगा। इसी तरह बक्सर निवासी छेद्दू ने बताया कि वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए पूना से जा रहा है। ट्रेन की देरी के चलते अब शादी में पहुंचने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।

मानिकपुर जंक्शन के अधीक्षक शिवेश मालवीय ने बताया कि स्पेशल ट्रेनों को रोककर एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और मालगाड़ियों को पहले निकाला जाता है। इस कारण स्पेशल ट्रेनें अक्सर लेट हो जाती हैं।

————–

ये ट्रेनें रहीं लेट

प्रयागराज स्पेशल 14 घंटे 58 मिनट, यशवंतपुर फेस्टिवल स्पेशल 13 घंटे 45 मिनट, बनारस फेस्टिवल स्पेशल 11 घंटे 10 मिनट, हदपसर अमृत भारत फेस्टिवल स्पेशल 10 घंटे 37 मिनट, दानापुर फेस्टिवल स्पेशल 10 घंटे 33 मिनट, पवन एक्सप्रेस पांच घंटे 56 मिनट, मुंबई एलटीटी फेस्टिवल स्पेशल चार घंटे 22 मिनट, रक्सौल छठ पूजा स्पेशल चार घंटे 23 मिनट और अहमदाबाद वनवे स्पेशल चार घंटे की देरी से पहुंचीं। इनके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी एक से दो घंटे तक विलंब से मानिकपुर जंक्शन आईं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X