Bhadohi News:संकरे रास्ते होकर गुजर रहे भूसा लदे वाहन – Vehicles Loaded With Fodder Passing Through Narrow Paths
बाबूसराय। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर इन दिनों लोकल वाहन क्षमता से अधिक भूसा लादकर चल रहे हैं। वाहनों पर भूसे का ऊंचा ढेर लादकर बिना सुरक्षा इंतजाम के आवागमन किया जा रहा है। भूसे का ढेर अधिक ऊंचा होने से वाहनों का संतुलन बिगड़ने और रास्ते में भूसा गिरने से हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय बाजार निवासी विवेक सिंह, राजीव उमरवैश्य, संतोष सिंह और जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि ये वाहन संकरे रास्तों से होकर गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उनका कहना है कि ऐसे वाहनों के संचालन पर जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहे हैं। समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
यातायात प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि बाजारों में इस तरह के ओवरलोड वाहनों पर एआरटीओ कार्रवाई करता है। यातायात संचालन में दिक्कत होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
