Bhadohi News:सिंचाई नाली जाम, 50 बीघा से अधिक खेती प्रभावित – Irrigation Channel Blocked; Over 50 Bighas Of Farmland Affected
चौरी। भदोही ब्लॉक के कोल्हड़ गांव में सिंचाई के लिए बनी नाली जाम है। इससे किसानों के खेतों तक राजकीय नलकूप का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों ने नाली की सफाई कराने की मांग की है।
किसान गुड्डू तिवारी, इम्तियाज, मुन्ना, जाहिर, गुलजार और विनोद ने बताया कि वेदमनपुर में लगे राजकीय नलकूप से कई ग्रामसभाओं में पानी जाता था, लेकिन नालियां क्षतिग्रस्त होने के कारण अब केवल वेदमनपुर और कोल्हड़ गांव तक ही पानी पहुंच पा रहा है। कोल्हड़ में नाली जाम होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे 50 बीघा से अधिक खेती प्रभावित हो रही है। सड़क पार खेतों तक भी पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
किसानों ने सिंचाई विभाग से नाली की सफाई कराने की मांग की। इस पर एक्सईएन नहर सुधीर कुमार पाल ने बताया कि नाली जाम होने की जानकारी है। नहरों और नालियों की सफाई का काम शुरू हो गया है। जल्द ही इस नाली की भी सफाई करा दी जाएगी।
