रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bijnor News:वन्य जीव गलियारे अधूरे छोड़ भागी फर्म, ब्लैकलिस्ट कर बैंक गारंटी जब्त – Firm Abandons Incomplete Wildlife Corridor Project; Gets Blacklisted, Bank Guarantee Forfeited
बिजनौर

Bijnor News:वन्य जीव गलियारे अधूरे छोड़ भागी फर्म, ब्लैकलिस्ट कर बैंक गारंटी जब्त – Firm Abandons Incomplete Wildlife Corridor Project; Gets Blacklisted, Bank Guarantee Forfeited

November 27, 2026


– नजीबाबाद-हरिद्वार फोरलेन पर हाथियों की आवाजाही के लिए बन रहे थे एलिवेटेड कॉरिडोर

– छह माह से बंद पड़ा निर्माण, 80 फीसदी से अधिक काम पूरा होने के बाद फर्म ने खींचे हाथ

– अर्धकुंभ 2027 से पहले अधूरा फोरलेन पूरा कराना एनएचएआई के लिए बनी चुनौती

अचल चौधरी

बिजनौर। नजीबाबाद से हरिद्वार के बीच फोरलेन हाईवे पर हाथियों और अन्य वन्य जीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाए जा रहे गलियारे अधूरे रह गए। करीब चार साल से चल रहे निर्माण कार्य को 80 प्रतिशत से अधिक पूरा करने के बाद मुजफ्फरनगर की निर्माण फर्म ने काम बंद कर दिया। अब निर्माण ठप होने पर नेशनल हाईवे ने फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। साथ ही उसकी बैंक गारंटी भी जब्त कर ली गई है। अब नए सिरे से टेंडर जारी कर निर्माण पूरा कराने की तैयारी है।

हरिद्वार-काशीपुर हाईवे को करीब दो हजार करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन में तब्दील किया गया है। नजीबाबाद से काशीपुर तक हाईवे का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन नजीबाबाद से हरिद्वार के बीच वन क्षेत्र में वन्य जीवों के लिए बनाए जा रहे गलियारों का काम अधूरा है। चिड़ियापुर से हरिद्वार के बीच कई किलोमीटर तक हाईवे की एक लेन पर ही दोनों ओर के वाहन गुजर रहे हैं। आमने-सामने से वाहनों के आने पर जाम के साथ हादसों का खतरा बना रहता है।

दरअसल, फोरलेन हाईवे के शुरुआती प्रोजेक्ट में वन्य जीवों के लिए केवल दो अंडरपास प्रस्तावित थे। इनमें टेढ़ी पुलिया के पास हाथियों के लिए 290 मीटर लंबा अंडरपास और दूसरा रवासन नदी के पास बनाया जाना था। फरवरी 2018 में वन विभाग ने वन भूमि का मामला उठाते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया था। वन विभाग ने जमीन के बदले एक हजार करोड़ रुपये की मांग की थी। बाद में बिना भुगतान के ही दोनों विभागों के बीच सहमति बन गई। इसके तहत वन विभाग ने पांच किलोमीटर लंबे वन्य जीव गलियारे की मांग रखी।

इसके बाद एनएचएआई और वन विभाग के बीच छह स्थानों पर गलियारे बनाने पर सहमति बनी। इनमें चार हाथियों की आवाजाही और दो छोटे वन्य जीवों के लिए प्रस्तावित किए गए। दो गलियारों की लंबाई पांच-पांच सौ मीटर रखी गई। करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन गलियारों का निर्माण वर्ष 2022 में शुरू हुआ था। चार साल बाद भी काम पूरा नहीं हो सका।

अर्धकुंभ से पहले कैसे मिलेगी जाम से राहत

हरिद्वार में साल 2027 में अर्धकुंभ का आयोजन होना है। जिसमें दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में चिड़ियापुर-हरिद्वार के बीच निर्माणाधीन वन्य जीव गलियारों के पास एक लेन पर दोनों ओर से वाहनों का संचालन परेशानी बढ़ा सकता है। अधूरे गलियारों के कारण जहां वन्य जीवों की सुरक्षित आवाजाही का इंतजार बढ़ गया है, वहीं हाईवे पर जाम और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।

नए सिरे से होगा टेंडर::एनएन सिंह

नेशनल हाईवे के परियोजना निदेशक एनएन सिंह ने बताया कि निर्माण संस्था के डिफॉल्टर होने के कारण काम बंद हुआ है। फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के साथ उसकी बैंक गारंटी जब्त कर ली गई है। जल्द ही नए सिरे से टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X