Bijnor News:विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी – Fraud Of Eight Lakh Rupees Under The Pretext Of Providing A Job Abroad
– दो सगे भाइयों समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने मामला सामने आया है। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहल्ला विश्नोई सराय निवासी अरुण कुमार (मूल निवासी ग्राम नारायणपुर रामजी) ने 16 जून को पुलिस अधीक्षक बिजनौर को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि नगीना निवासी दो सगे भाइयों दिलशाद और शमशाद तथा उनके साथी आदिल ने उसके पुत्र रिजुल कुमार को दुबई में सिविल इंजीनियर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसका पुत्र उच्च शिक्षित होने के बावजूद बेरोजगार था। इसी दौरान उसकी मुलाकात नगीना के शमशाद से हुई। शमशाद ने अपने भाई दिलशाद, जो दुबई और अजमान में रह चुका था, के साथ मिलकर उसके पुत्र को संयुक्त अरब अमीरात में सिविल इंजीनियर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए 93,600 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने और चार लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई।
पीड़ित का आरोप है कि उसने आरोपियों को दो बार तीन-तीन लाख रुपये तथा एक बार 60 हजार रुपये दिए। इसके बावजूद आरोपियों ने नौकरी का वीजा बनाकर उसके पुत्र को चार सितंबर 2025 को टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर उसे न तो नौकरी मिली और न ही आरोपियों ने उसकी कोई उचित मदद की। आरोप है कि आदिल ने भारत वापस भेजने और खाने-पीने के इंतजाम के नाम पर भी उससे काफी रकम ऐंठ ली।
दुबई में परेशान होकर भटक रहे रिजुल को आखिरकार अमरोहा के नौगांवा सादात निवासी जावेद के सहयोग से 15 जनवरी 2026 को भारत वापस लौटना पड़ा। पीड़ित के मुताबिक, बेटे को वापस लाने में भी उसे चार लाख रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़े। इस मामले में नगीना पुलिस ने दिलशाद, शमशाद तथा आदिल के खिलाफ प्राथमिकी मुकदमा दर्ज कर ली है। सीओ आलोक सिंह ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है।
