Una News:दो साल बाद 2 दिसंबर को होगी आरटीए की बैठक – Rta Meeting To Be Held On December 2, After Two Years
ऊना। करीब दो साल के अंतराल के बाद क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) ऊना की बैठक 2 दिसंबर को आयोजित होगी। वर्ष 2024 के बाद होने जा रही इस बैठक को लेकर परमिट से जुड़े मामलों के आवेदकों और वाहन मालिकों को अब अपने दस्तावेज तैयार करने होंगे। बैठक में विचार के लिए रखे जाने वाले मामलों के आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित 26 नवंबर तक जमा करवाने होंगे। निर्धारित तिथि के बाद मिलने वाले आवेदनों पर बैठक में विचार नहीं किया जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ऊना समीर दत्ता ने बताया कि क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक 2 दिसंबर को परिवहन निदेशक कार्यालय शिमला में होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरे आवेदन पत्रों और आवश्यक दस्तावेजों की कमी वाले मामलों को भी बैठक में शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसे में सभी संबंधित आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
आरटीओ ने बताया कि नए प्रकाशित स्टेज कैरिज बस परमिट के लिए प्राप्त आवेदनों का ड्रॉ ऑफ लॉट्स भी किया जाएगा। इस दौरान आवेदक स्वयं या उसका अधिकृत अथवा नामित प्रतिनिधि उपस्थित रह सकता है। हालांकि, यदि आवेदक या उसका प्रतिनिधि ड्रॉ के दौरान उपस्थित नहीं होता है, तब भी उसका आवेदन प्रक्रिया में शामिल रहेगा।
परमिट हस्तांतरण के लिए दोनों पक्षों की मौजूदगी जरूरी
बस परमिट और अन्य परमिटों के हस्तांतरण से जुड़े मामलों में क्रेता और विक्रेता दोनों को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य होगा। यदि दोनों पक्ष बैठक में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके मामले पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। ऐसे में परमिट हस्तांतरण से जुड़े आवेदकों को अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।
