Chandigarh News:आपके अच्छे काम कभी छोटे नहीं होते, दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाएं – Your Good Deeds Are Never Small; Bring A Smile To The Faces Of Others
आपके अच्छे काम कभी छोटे नहीं होते, दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाएं
एक छोटे से गांव में पंकज नाम का एक बच्चा अपने माता-पिता के साथ रहता था। वह पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। पंकज पढ़ाई में अच्छा होने के साथ-साथ बहुत समझदार और संस्कारी भी था। उसके माता-पिता उसे हमेशा अच्छी बातें सिखाते थे। वे कहते थे कि इंसान की असली पहचान उसके कपड़ों, पैसों या बड़े घर से नहीं, बल्कि उसके अच्छे व्यवहार और ईमानदारी से होती है। पंकज अपने माता-पिता की हर बात ध्यान से सुनता था।
एक दिन पंकज रोज की तरह स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में चलते-चलते अचानक उसकी नजर सड़क किनारे पड़े एक बटुए पर पड़ी। उसने इधर-उधर देखा, लेकिन वहां कोई दिखाई नहीं दिया। उसने बटुआ उठाया और खोलकर देखा। उसमें काफी सारे रुपये, कुछ जरूरी कागजात और एक पहचान पत्र रखा हुआ था। इतने सारे रुपये देखकर पंकज कुछ देर के लिए सोच में पड़ गया। उसके मन में ख्याल आया कि अगर वह इन पैसों को रख ले तो अपनी पसंद की नई साइकिल खरीद सकता है। वह कई दिनों से साइकिल लेने की जिद कर रहा था। लेकिन तभी उसे अपने माता-पिता की सीख याद आ गई।
उसने खुद से कहा, ये पैसे मेरे नहीं हैं। किसी ने अपनी मेहनत से कमाए होंगे। अगर बटुआ खोने वाले को पैसे नहीं मिले तो उसे कितनी परेशानी होगी। पंकज ने पहचान पत्र निकाला। उस पर बटुए के मालिक का नाम और पता लिखा था। उसने बिना देर किए उस पते पर जाने का फैसला किया।
कुछ देर बाद वह एक बुजुर्ग व्यक्ति के घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर एक बुजुर्ग बाहर आए। पंकज ने उनसे पूछा, दादाजी, क्या आपका कोई बटुआ खो गया है? बुजुर्ग ने घबराते हुए कहा, हां बेटा! सुबह बाजार जाते समय मेरा बटुआ कहीं गिर गया था। उसमें मेरी दवाइयों के पैसे भी थे।पंकज ने तुरंत बटुआ उनके हाथ में दे दिया। बटुआ देखते ही बुजुर्ग की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने बटुआ खोलकर देखा तो उसमें रखे सभी पैसे और कागजात सुरक्षित थे।
बुजुर्ग ने पंकज को ढेर सारा आशीर्वाद दिया और इनाम के तौर पर कुछ रुपये देने लगे। लेकिन पंकज ने विनम्रता से मना कर दिया। उसने कहा, दादाजी, मैंने कोई बड़ा काम नहीं किया है। यह बटुआ आपका था, इसलिए मैंने आपको लौटा दिया। अगर मेरी कोई चीज खो जाती तो मैं भी यही चाहता कि कोई ईमानदार व्यक्ति उसे वापस कर दे। बुजुर्ग ने प्यार से उसके सिर पर हाथ रखा और कहा, बेटा, आज तुमने साबित कर दिया कि दुनिया में आज भी ईमानदारी और इंसानियत जिंदा है। तुम्हारे जैसे बच्चे ही देश का भविष्य हैं।
अगले दिन पंकज जब स्कूल पहुंचा तो उसे पता चला कि प्रधानाचार्य को उसके इस अच्छे काम के बारे में जानकारी मिल गई है। प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्य ने सभी बच्चों को पंकज की ईमानदारी की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा दूसरों की चीजों का सम्मान करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद करनी चाहिए। पूरे स्कूल ने तालियां बजाकर पंकज का उत्साह बढ़ाया। पंकज के चेहरे पर मुस्कान थी। उसे खुशी थी कि उसने किसी जरूरतमंद की मदद की।उस दिन पंकज को एहसास हुआ कि सच्ची खुशी महंगी चीजें खरीदने में नहीं, बल्कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने में मिलती है।
शिक्षा: ईमानदारी सबसे बड़ी दौलत है। हमें हमेशा सही रास्ते पर चलना चाहिए, क्योंकि हमारा एक छोटा-सा अच्छा काम किसी दूसरे के जीवन में बड़ी खुशी ला सकता है।
पर्ल, कक्षा 8वीं, सेक्टर 15 डीएवी स्कूल
