Charkhi Dadri News:6.98 ग्राम हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार, कार जब्त – Two Youths Arrested With 6.98 Grams Of Heroin; Car Seized
चरखी दादरी। जिला पुलिस की अपराध शाखा-2 ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 6.98 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के भौड़ी निवासी अमीर और खोड़ निवासी अंकित के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन बरामद की। तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर गाड़ी भी जब्त की गई। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार के अनुसार अपराध शाखा-2 की टीम वीरवार को गश्त कर रही थी। इसका नेतृत्व एसआई सुरेंद्र कर रहे थे।
टीम को सूचना मिली कि अमीर और अंकित हेरोइन बेचते हैं। वे स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में कलानौर से रानीला-पिलाना होते हुए दादरी की तरफ आ रहे थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीला-पिलाना रोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद पिलाना की तरफ से आई संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर गाड़ी को रुकवाया गया।
डीएसपी कप्तान सिंह की मौजूदगी में गाड़ी की नियमानुसार तलाशी ली गई। इसमें डैशबोर्ड में रखी पॉलिथीन से 6.98 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ और गाड़ी को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बौंद कलां में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया।
अदालत ने आरोपी अमीर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि आरोपी अंकित को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
