Deoria News:24 घंटे बाद भी साइबर ठगों पर कार्रवाई नहीं – No Action Taken Against Cyber Fraudsters Even After 24 Hours
सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के नवलपुर गांव निवासी अमीरूल खान के खाते से यूपीआई के जरिये डेढ़ लाख रुपये निकाले जाने के मामले में 24 घंटे बाद भी साइबर ठगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। पीड़ित साइबर ठगी की शिकायत लेकर पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है मगर अब तक रकम की बरामदगी या आरोपितों की पहचान नहीं हो सकी है।
बताया गया कि रविवार की आधी रात अमीरूल खान के मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। जब तक वह कुछ समझ पाते, अलग-अलग खातों में डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर हो चुके थे। सोमवार सुबह उन्होंने साइबर क्राइम थाने और स्थानीय कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।
घटना के बाद पीड़ित को अपनी जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद है मगर कार्रवाई में देरी से उसकी चिंता बढ़ती जा रही है। एक सप्ताह के भीतर साइबर ठगी की दूसरी घटना ने पुलिस की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। समलेमपुर के सीओ गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।
