Faridabad News:29 नवंबर को होगी छात्रवृत्ति परीक्षा – The Scholarship Examination Will Be Held On November 29
एनएमएमएसएस परीक्षा : 29 नवंबर को, पांच केंद्रों पर 1255 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
– सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक होगी परीक्षा, नकल रोकने के लिए गठित किए जाएंगे उड़नदस्ते
– आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक छात्रवृत्ति के लिए किया जाता है चयन
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर को किया जाएगा। जिले में इसके लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1255 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के सुचारू संचालन और नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर परीक्षा की तैयारियां पूरी करने को कहा गया है। जिले में दो सरकारी स्कूलों के अलावा अग्रवाल मॉडर्न स्कूल में दो और पर्वतीय कॉलोनी स्थित कर्मभूमि पब्लिक स्कूल में एक केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने और परीक्षा संचालन की व्यवस्था की जाएगी।
केंद्रवार परीक्षार्थियों की संख्या-
– राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-5 : 312
– राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-2 : 312
– अग्रवाल मॉडर्न स्कूल बी-1 : 308
– अग्रवाल मॉडर्न स्कूल बी-2 : 174
– कर्मभूमि पब्लिक स्कूल : 149
नकल रोकने के लिए बनेंगे उड़नदस्ते-
जिला गणित विशेषज्ञ धर्मेंद्र ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए उड़नदस्तों का गठन किया जा रहा है। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र अधीक्षक ओएमआर शीट के सीलबंद पैकेट, हस्ताक्षर चार्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराएंगे। बोर्ड के उड़नदस्ते उसी दिन इन दस्तावेजों को बोर्ड मुख्यालय भिवानी पहुंचाएंगे।
आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को मिलती है छात्रवृत्ति-
राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना केंद्र सरकार की योजना है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत आठवीं कक्षा के बाद चयनित विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक छात्रवृत्ति दी जाती है। योजना का मकसद आर्थिक परेशानी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई छूटने से रोकना और स्कूल छोड़ने की दर कम करना है।
