Gurugram News:367 प्राथमिक स्कूलों में कल होगी अभिभावक-शिक्षक बैठक – Parent-teacher Meetings To Be Held In 367 Primary Schools Tomorrow
निपुण हरियाणा मिशन के तहत अभिभावकों को बताई जाएंगी बच्चों की शैक्षणिक प्रगति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। निपुण हरियाणा मिशन के तहत प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के लिए सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाएगी। इसमें अभिभावकों को बच्चों के शैक्षणिक स्तर और उनकी प्रगति की जानकारी दी जाएगी। इस संबंध में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी का शैक्षणिक रिकॉर्ड अभिभावकों के सामने रखेंगे। इसमें भाषा और गणित की दक्षता, पढ़ने-लिखने की क्षमता और गणितीय समझ की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बच्चों का निपुण स्तर भी बताया जाएगा। जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में अधिक अभ्यास की जरूरत है, उनके अभिभावकों को विशेष सुझाव दिए जाएंगे।
पीटीएम में अभिभावकों को घर पर बच्चों के साथ पढ़ने, लिखने और गिनती का नियमित अभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिक्षकों को स्कूल में चल रही अतिरिक्त शिक्षण गतिविधियों और बच्चों की पढ़ाई में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा करनी होगी।
अधिकारी करेंगे स्कूलों का निरीक्षण
पीटीएम की गुणवत्ता जांचने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, क्लस्टर प्रमुख और निरीक्षण अधिकारी निर्धारित स्कूलों का दौरा करेंगे। वे अभिभावकों की भागीदारी, विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड और उनकी दक्षताओं पर हुई चर्चा का आकलन करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारियों को 29 नवंबर तक प्रत्येक स्कूल की विस्तृत रिपोर्ट जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें अभिभावकों की उपस्थिति, बच्चों का निपुण स्तर, उपलब्धियां और सुधार के सुझाव शामिल होंगे।
