Fatehpur News:वारंटी में फ्रिज खराब होने पर कंपनी को देना होगा 41,400 रुपये हर्जाना – Fatehpur News
फतेहपुर। जिला उपभोक्ता फोरम ने एक ब्रांडेड कंपनी के खिलाफ छह साल पुराने वारंटी वाले फ्रिज के मामले में बृहस्पतिवार को वादी के पक्ष में फैसला सुनाया है। फोरम के अध्यक्ष रामनरेश मौर्य व सदस्य पद्मिनी आनंद ने कंपनी को 41,400 रुपये का हर्जाना दो माह में देने का आदेश दिया है। तय समय पर जुर्माना न देने पर परिवाद दाखिल होने की तारीख से नौ प्रतिशत का ब्याज लगाने का भी आदेश किया है।
सदर कोतवाली के पनी मोहल्ला निवासी तनवीर अहमद खान ने चार दिसंबर 2020 को सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रानिक्स प्रबंधक छठवां तल डीएलएफ सेंटर , संसद मार्ग नई दिल्ली के विरुद्ध परिवाद दायर किया था। परिवादी तनवीर अहमद खान के अनुसार उन्होंने विपक्षी के जगन्नाथ एंड संस से सैमसंग कंपनी का 22 मई 2014 को 91,000 रुपये में खरीदा था, जिसकी 10 वर्ष की वारंटी थी। फ्रिज करीब छह वर्ष बाद ही बिगड़ गया। कंपनी के इंजीनियरों उसे देखा, लेकिन ठीक नहीं हो सका। कंपनी में आधिकारिक रूप से शिकायत पर उसे पांच सितंबर 2020 को फ्रिज मरम्मत योग्य नहीं होने का ईमेल आया। खरीद के बाद अब 30 प्रतिशत रकम वापस होगी।
तनवीर अहमद खान ने फ्रिज के एवज में 50,000 रुपये, वाद खर्च 5,500 व शारीरिक, मानसिक कष्ट की क्षतिपूर्ति 50,000 रुपये दिलाने की फोरम से मांग की। फोरम ने बृहस्पतिवार को विपक्षी फ्रिज कंपनी के खिलाफ फैसला सुनाया। फोरम ने कंपनी को 40 प्रतिशत भुगतान 36,490 रुपये व अन्य खर्च 5000 रुपये आदेश से दो माह के भीतर देने का आदेश किया। निर्धारित अवधि में भुगतान न करने पर 36,400 पर नौ प्रतिशत का साधारण वार्षिक ब्याज वाद के बाद से देय होगा।
