फर्रुखाबाद। कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार को नवाबगंज विकास खंड में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की। दुकान बंद कर भागने, यूरिया के साथ टैगिंग करने और अधिक मूल्य पर डीएपी बेचने के मामले में दो विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए, जबकि एक का निरस्त कर दिया। इसके अलावा छह को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
जांच के समय दुकान बंद कर भागने वाले मेसर्स प्रतिज्ञा खाद भंडार उम्मरपुर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। थोक विक्रेता मेसर्स लखन ट्रेडर्स जैनापुर का लाइसेंस भी निलंबित किया है। यह कार्रवाई यूरिया के साथ कैल्शियम नाइट्रेट की टैगिंग करने पर हुई। किसान अमन सिंह की शिकायत पर मेसर्स नूरुल नवाब बीज भंडार कटिया का लाइसेंस निरस्त कर दिया। इस फर्म पर अधिक मूल्य पर डीएपी बेचने का आरोप था। मेसर्स श्री हरि इंटरप्राइजेज, सिंह ट्रेडर्स, गुप्ता खाद बीज भंडार, यादव खाद भंडार, नंदनी कृषि सेवा केंद्र और वीआईपी एंड रामू को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन पर जांच के दौरान दुकान बंद कर भागने का आरोप है।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में उर्वरक की कमी नहीं है। किसानों को मांग और खतौनी के आधार पर सहकारी तथा निजी बिक्री केंद्रों से उर्वरक दिए जा रहे हैं। बताया कि किसान खतौनी के आधार पर प्रति हेक्टेयर पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया ले सकते हैं। यदि कोई विक्रेता खाद नहीं देता तो कंट्रोल रूम नंबर 05692-297733 पर शिकायत कर सकते हैं।