रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:प्रदूषण के मुद्दे पर अनदेखी से नाराज सिविल सोसाइटी, हाईकोर्ट व एनजीटी जाने की चेतावनी – Civil Society, Frustrated By The Neglect Of The Pollution Issue, Warns Of Approaching The High Court And The Ngt

November 27, 2026


गाजियाबाद। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर आयोजित प्रशासनिक बैठक में सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों को शामिल न किए जाने पर कन्फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (कोरवा-यूपी) ने रोष जताया है। बृहस्पतिवार को मॉडल टाउन ईस्ट स्थित कार्यालय से हुई ऑनलाइन बैठक में पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि प्रदूषण नियंत्रित होने तक प्रशासन से कोई सहयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही इस मुद्दे को एनजीटी और अनुच्छेद 226 के तहत हाईकोर्ट ले जाने का निर्णय लिया गया।

मुख्य संरक्षक कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि बुधवार को परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि को बुलाने के लिए क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी अंकित सिंह से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन जवाब नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 साल पहले दिए गए 200 सीएनजी बसें चलाने और दो हजार सीसीटीवी लगाने के सुझावों को टाल दिया गया। अब बिना चार्जिंग स्टेशन व बस स्टैंड के 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का दावा किया जा रहा है, जबकि पूर्व की 20 में से एक दर्जन बसें खराब पड़ी हैं।

अध्यक्ष डॉ. पवन कौशिक व मुख्य सलाहकार डॉ. आरके आर्या ने कहा कि सही आकलन के बिना बनी योजनाएं विफल हो रही हैं। महासचिव जय दीक्षित और कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि तीन हजार उद्योगों की निगरानी महज तीन अधिकारियों के भरोसे है। पदाधिकारियों ने डीएम की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक बुलाने की मांग की। बैठक में एमएल वर्मा, अंशु त्यागी, डॉ. मधु सिंह, चंदन सिंह, गणेश दत्त, डॉ. आरपी शर्मा व डीके त्यागी आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X