रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नोएडा

Noida News:14480 हेक्टेयर में बसेगा न्यू आगरा, महायोजना 2041 को मिली मंजूरी – New Agra To Be Developed Over 14,480 Hectares

November 27, 2026


– अब शासन के अनुमोदन के लिए शासन को भेजा जाएगा ड्राफ्ट, कुबेरपुर के पास विकसित होनी औद्योगिक टाउनशिप

माई सिटी रिपोर्टर

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर आगरा में नई औद्योगिक टाउनशिप पर जल्दी काम शुरू होगा। करीब 14480 हेक्टेयर में प्रस्तावित आगरा अर्बन सेंटर या न्यू आगरा के लिए महायोजना 2041 के ड्राफ्ट को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के बोर्ड से बृहस्पतिवार को मंजूरी मिल गई। अब यीडा इसे शासन के अनुमोदन के लिए भेजेगा। शासन से अनुमाेदन मिलने के बाद भूमि क्रय या अधिग्रहण तथा बुनियादी ढांचे जैसे सड़क, बिजली, जलापूर्ति और सीवरेज के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा स्थित यीडा मुख्यालय में अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इससे पूर्व बोर्ड बैठक में महायोजना पर आपत्ति-सुझावों का निस्तारण कर बोर्ड में प्रस्ताव मंजूर किया जा चुका था। गौतमबुद्ध नगर के बाद अब यह दूसरी औद्योगिक टाउनशिप यमुना एक्सप्रेसवे के सहारे विकसित की जाएगी। इसके अलावा मथुरा में राया अर्बन सेंटर में आंशिक भाग पर हेरिटेज सिटी के विकास की योजना पर काम चालू है।

बोर्ड बैठक में आगरा शहरी केंद्र की महायोजना-2041 के मसौदा प्रतिवेदन और इसके भू-उपयोग मानचित्रों की मंजूरी के लिए औपचारिक प्रस्ताव रखा गया था। प्रस्तावित महायोजना के अनुसार, आगरा के 58 गांवों की लगभग 14,480 हेक्टेयर भूमि पर इस नए औद्योगिक केंद्र को विकसित किया जाना है। करीब 15 लाख की आबादी के बसने और लगभग 10 लाख रोजगार के अवसर यहां सृजित होने का अनुमान है। भू-उपयोग के लिहाज से लगभग 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र औद्योगिक विकास, 1,878 हेक्टेयर आवासीय क्षेत्र और 405 हेक्टेयर पर्यटन जोन के लिए निर्धारित किया गया है। करीब 300 हेक्टेयर में थीम पार्क तथा 20 हेक्टेयर में होटल, कन्वेंशन सेंटर, आईटी पार्क और संस्थागत परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।

प्रदूषण रहित उद्योगों को रहेगी प्राथमिकता

अधिकारियों का कहना है कि आगरा अर्बन सेंटर का क्षेत्र ताज ट्रेपेजियम ज़ोन (टीटीजेड) के दायरे में आता है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के कड़े मानकों का पालन करते हुए केवल कम प्रदूषण स्कोर वाले हरित उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

जिकरपुर गांव को मिलेगी सड़क, मिली मंजूरी

अलीगढ़ के टप्पल के पास मौजूद जिकरपुर गांव को यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच देने के लिए यीडा नए सिरे से सड़क बनाएगा। एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान कार्यदायी संस्था ने इस क्षतिग्रस्त सड़क को बनाया था। टप्पल कट तक बनी यह सड़क वर्तमान में खराब हो गई है। ऐसे में स्थानीय लोगों की मांग पर यीडा ने इसे बनाने का फैसला बोर्ड में लिया है। हॉलेंज रोड के नाम पर चर्चित इस सड़क से ही जिकरपुर तक पहुंचा जा सकता है। यह सड़क जिकरपुर को सीधे अलीगढ़ पलवल राजमार्ग से भी जोड़ती है। इस कार्य की अनुमानित लागत करीब 6.66 करोड़ रुपये प्रस्तावित है।

न्यू आगरा एक नजर में

58 गांव होंगे शामिल

15 लाख लोगों के बसने का अनुमान

10 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद

3,000 हेक्टेयर में औद्योगिक गतिविधियां

1,878 हेक्टेयर में आवासीय विकास

405 हेक्टेयर में पर्यटन क्षेत्र

300 हेक्टेयर में थीम पार्क प्रस्तावित

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X