Hamirpur (himachal) News:मल्टी टास्क वर्करों के लिए बने कॉमन कैडर पॉलिसी – Common Cadre Policy For Multi-task Workers
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुक्खू को सौंपा ज्ञापन
बड़ा (हमीरपुर)। मल्टी टास्क वर्करों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार से जल्द कॉमन कैडर पॉलिसी बनाने और कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में कदम उठाने की मांग की है।
इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने नादौन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि मल्टी टास्क वर्करों के लिए शीघ्र पॉलिसी बनाई जाएगी।
यूनियन के जिला प्रधान विनोद ठाकुर की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मल्टीटास्क वर्करों के हित में जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।
विनोद ठाकुर ने मुख्यमंत्री के आश्वासन का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द इस आश्वासन को अमलीजामा पहनाकर प्रदेश के मल्टी टास्क वर्करों को राहत प्रदान करेगी। संवाद
