कन्नौज। प्रेमी से विवाह करने की जिद पर अड़ी किशोरी परिजनों के न मानने पर नाराज हो गई। गुस्साई किशोरी ने महादेवी घाट पहुंच कर गंगा में छलांग लगा दी, हालांकि समय रहते लोगों की नजर पड़ गई और गोताखोरों की मदद से उसे बचा लिया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय किशोरी मंगलवार सुबह परिजन से नाराज होकर महादेवी घाट पहुंच गई। किशोरी ने आत्महत्या करने के इरादे से गहरे पानी में छलांग लगा दी। यह नजारा देख मौके पर अफरा तफरी मच गई। शोर सुनकर गोताखोर व पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों ने पानी में कूदकर किशोरी को बाहर निकाला।
किशोरी को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत में सुधार है। परिजन के अनुसार किशोरी प्रेमी से शादी करने की जिद कर रही थी, जिसके लिए मना कर दिया। इसी को लेकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।