Kannauj News:बी-पैक्स मदारीपुर के पंजीकरण पर उठे सवाल, निरस्त करने की मांग – Questions Raised Over Registration Of B-pacs Madaripur; Demand For Its Cancellation
छिबरामऊ। समितियों के गठन और उर्वरक वितरण व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फर्रुखाबाद डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड फतेहगढ़ की संचालक विनीता मिश्रा ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को पत्र भेजकर बी-पैक्स मदारीपुर कसावा का पंजीकरण निरस्त करने की मांग की है। पत्र की प्रति प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण को भी भेजी गई है।
20 नवंबर 2026 को भेजे गए पत्र में कहा कि विकासखंड की बी-पैक्स छिबरामऊ पूर्वी के न्याय पंचायत क्षेत्र कसावा के अंतर्गत नई समिति बी-पैक्स मदारीपुर का पंजीकरण किया गया है। आरोप लगाया कि समिति के कार्यवाहक सचिव अवधेश यादव और अध्यक्ष अवनीश यादव के पास पहले से ही दो उर्वरक लाइसेंस हैं। पत्र में उर्वरक वितरण में अनियमितता, मनमाने दामों पर बिक्री और कालाबाजारी की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है।
विनीता मिश्रा ने समिति के गठन की भौगोलिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कसावा ग्रामसभा में पहले से ही बी-पैक्स समिति पंजीकृत है। इसके बावजूद महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मदारीपुर में नई समिति का पंजीकरण कर दिया गया। वहीं, बेहटा खास और भीकमपुर सानी जैसी ग्रामसभाएं तीन से चार किलोमीटर दूर हैं, जहां के किसानों को खाद लेने के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।
पत्र में मांग की गई है कि यदि नई समिति का गठन आवश्यक है तो उसे बेहटा खास या भीकमपुर सानी में स्थापित किया जाए, जिससे दूर-दराज के किसानों को खाद और उर्वरक आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से बी-पैक्स मदारीपुर का पंजीकरण निरस्त कर नियमों और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग की है।
