शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Karwa Chauth 2026 Live:दिल्ली-एनसीआर में देर से निकलेगा चांद? सुहागिनों को करना पड़ सकता है इंतजार, ये है वजह – Karwa Chauth 2026 Delhi-ncr Moonrise Time Today Live Shubh Muhurat Puja Timings Aaj Chand Kitne Baje Niklega
गाज़ियाबाद

Karwa Chauth 2026 Live:दिल्ली-एनसीआर में देर से निकलेगा चांद? सुहागिनों को करना पड़ सकता है इंतजार, ये है वजह – Karwa Chauth 2026 Delhi-ncr Moonrise Time Today Live Shubh Muhurat Puja Timings Aaj Chand Kitne Baje Niklega

October 29, 2026


03:10 PM, 29-Oct-2026

फरीदाबाद में सुहागिन महिलाएं इस वक्त देख सकेंगी चांद

सुहागिन महिलाओं का प्रमुख त्योहार करवाचौथ इस बार बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। महिलाएं पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। दिनभर उपवास के बाद शाम को करवामाता की पूजा करेंगी और रात में चंद्रमा के दर्शन कर व्रत खोलेंगी। भनकपुर के पंडित सुंदर लाल शास्त्री ने बताया कि व्रत सूर्योदय के साथ शुरू होगा। रात 8:13 बजे चंद्रोदय होगा। महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति के दर्शन के बाद व्रत का पारण करेंगी। उन्होंने बताया कि करवाचौथ का पर्व रात 10:10 बजे तक रहेगा।

02:56 PM, 29-Oct-2026

करवा चौथ व्रत कथा 

बहुत समय पहले इन्द्रप्रस्थपुर नाम के नगर में वेदशर्मा नाम के एक ब्राह्मण रहते थे। उनकी पत्नी का नाम लीलावती था। उनके सात पुत्र और एक पुत्री थी, जिसका नाम वीरावती था। वीरावती अपने माता-पिता और सातों भाइयों की बेहद लाडली थी। समय आने पर उसका विवाह एक योग्य ब्राह्मण युवक से कर दिया गया।

विवाह के बाद जब वीरावती पहली बार अपने मायके आई, तब करवा चौथ का पर्व पड़ा। इस अवसर पर उसने अपनी भाभियों के साथ पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। पूरे दिन भूखी-प्यासी रहने के कारण शाम होते-होते वीरावती काफी कमजोर हो गई। उसका चेहरा मुरझाया हुआ देखकर उसके सातों भाई परेशान हो उठे।

भाइयों ने अपनी बहन से कहा कि वह कुछ खा-पी ले, लेकिन वीरावती ने मना कर दिया। उसने कहा कि वह चंद्रमा के दर्शन करने और विधि-विधान से अर्घ्य देने के बाद ही व्रत खोलेगी। बहन की हालत देखकर भाइयों को चिंता होने लगी। वे किसी तरह उसे भोजन करवाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने एक योजना बनाई।

वीरावती के भाइयों में से एक भाई घर से कुछ दूरी पर स्थित एक वटवृक्ष पर छलनी और दीपक लेकर चढ़ गया। दीपक की रोशनी छलनी से दिखाई देने लगी, तो दूसरे भाइयों ने वीरावती से कहा कि चांद निकल आया है। उनकी बातों पर विश्वास करके वीरावती ने उस रोशनी को चंद्रमा समझ लिया। उसने चंद्रमा के दर्शन करने की परंपरा निभाई और अर्घ्य दिए बिना ही व्रत खोल लिया।

लेकिन जैसे ही वीरावती भोजन करने बैठी, उसे अशुभ संकेत मिलने लगे। पहले कौर में बाल निकला, दूसरे कौर के समय उसे छींक आ गई और तीसरा कौर खाते ही उसके ससुराल से बुलावा आ गया। जब वह ससुराल पहुंची, तो उसने देखा कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। यह देखकर वीरावती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

वीरावती के विलाप को सुनकर देवराज इंद्र की पत्नी देवी इंद्राणी वहां पहुंचीं। उन्होंने वीरावती को सांत्वना दी। दुखी वीरावती ने उनसे पूछा कि करवा चौथ के दिन उसके साथ ऐसा क्यों हुआ। इस पर देवी इंद्राणी ने बताया कि उसने चंद्रमा को विधि-विधान से अर्घ्य दिए बिना ही व्रत खोल दिया था। इसी भूल के कारण उसे यह दुख सहना पड़ रहा है।

अपनी गलती का एहसास होने पर वीरावती ने देवी इंद्राणी से अपने पति को दोबारा जीवित करने की प्रार्थना की। देवी इंद्राणी ने उसे पूरे साल आने वाली प्रत्येक चौथ का व्रत श्रद्धा और नियमपूर्वक रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से उसके पति को जीवन वापस मिल सकता है।

देवी इंद्राणी की सलाह मानकर वीरावती ने पूरे वर्ष प्रत्येक चौथ का व्रत विधि-विधान से रखा। उसकी श्रद्धा और भक्ति से प्रसन्न होकर उसे अपने पति का साथ फिर से प्राप्त हुआ। तभी से करवा चौथ की कथा में वीरावती और उसके सात भाइयों की कहानी सुनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह कथा महिलाओं को व्रत के नियमों का पालन करने और श्रद्धापूर्वक पूजा करने का संदेश देती है।

02:17 PM, 29-Oct-2026

ग्रेटर नोएडा में करवा चौथ पर पत्नी को दिया किडनी का तोहफा

मूलरूप से सुल्तानपुर के रहने वाले संजय (46) ने पत्नी रूबी (32) को करवा चौथ के तोहफे के रूप में किडनी दी है। दरअसल, 16 अक्तूबर को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में रूबी का किडनी प्रत्यारोपण हुआ। संजय ने बताया कि किडनी फेल होने के कारण उनकी पत्नी का करीब एक साल से डायलिसिस हो रहा था। इससे उन्हें काफी दर्द झेलना पड़ता था। पत्नी को इस मुश्किल दौर से गुजरते देख संजय ने उन्हें नई जिंदगी देने के लिए अपनी किडनी दान करने का फैसला लिया। इसके बाद चिकित्सकों ने आवश्यक जांच की और प्रत्यारोपण की तैयारी शुरू की। किडनी प्रत्यारोपण एवं यूरोलॉजी के निदेशक डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि मरीज को 22 अक्तूबर को छुट्टी मिल गई। नेफ्रोलॉजी के निदेशक डॉ. कुणाल राज गांधी के अनुसार, प्रत्यारोपण के बाद रूबी का सीरम क्रिएटिनिन स्तर 0.70 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर रहा।

01:41 PM, 29-Oct-2026

करवा चौथ 2026 के शुभ मुहूर्त

चतुर्थी तिथि का आरंभ: 29 अक्टूबर, रात 01:06 बजे से

चतुर्थी तिथि की समाप्ति: 29 अक्टूबर, रात 10:09 बजे तक

ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 4:44 बजे से 5:35 बजे तक

सरगी ग्रहण करने का समय: सुबह 6:31 बजे सूर्योदय से पहले

करवा चौथ पूजा मुहूर्त: शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक

चंद्रोदय का समय: रात 8:17 बजे 

चंद्रमा को अर्घ्य देने का समय: चंद्रोदय के बाद, रात 8:17 बजे से

12:49 PM, 29-Oct-2026

दिल्ली-एनसीआर में मौसम खराब, क्या देर से निकलेगा करवाचौथ का चांद?

चक्रवात अर्नब के असर से दिल्ली का मौसम बदल गया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। आज दिल्ली में करवा चौथ का पर्व मनाया जा रहा है। बादलों के कारण व्रत रखने वाली महिलाओं को चांद के दर्शन की चिंता सता रही है। बादल और बारिश की वजह से चांद देखने में परेशानी हो सकती है, जिससे उन्हें अधिक इंतजार करना पड़ सकता है।

12:13 PM, 29-Oct-2026

गुरुग्राम में करवा चौथ की पूर्व संध्या पर पिया के नाम की मेंहदी से महका शहर

शहर में करवा चौथ पर्व को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। सदर बाजार से लेकर हुडा मार्केट, सेक्टरों के सामुदायिक भवनों और सोसाइटियों के हॉल तक, हर तरफ मेंहदी लगवाती सुहागनों की रौनक से पूरा शहर मेंहदीमय नजर आया। यह नजारा किसी सामूहिक विवाह उत्सव की मेंहदी रस्म जैसा प्रतीत हो रहा था। त्योहार के अंतिम क्षणों में बाजारों में चूड़ी, परिधान, आभूषण और पूजन सामग्री खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं मिठाई की दुकानों पर फेनी और मट्ठी के विशेष स्टॉल सजाए गए।

इस बार उत्सव को खास बनाने के लिए कई सामूहिक आयोजन किए जा रहे हैं। सेक्टर-14 कम्युनिटी सेंटर में लेडीज क्लब और रोटरी क्लब के सहयोग से दो दिवसीय करवा चौथ मेला और मेंहदी उत्सव आयोजित किया गया, जहां निर्धारित दरों पर मेंहदी लगाने की सुविधा के साथ छात्राओं को कमाई के अवसर भी मिले। वहीं, रहेजा वेदांता, डीएलएफ प्राइमस और मानसून ब्रिज जैसी बड़ी सोसाइटियों में सामूहिक मेंहदी स्टेशन बनाए गए।

इसके अलावा, डीएलएफ सिटी क्लब और सोहना के दमदमा स्थित विरासत रिसॉर्ट में एक शाम चांद के साथ जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जिनमें सूफी गायन, तंबोला, ढोल-ताशे, सामूहिक कथा और सात्विक डिनर का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। शहर के प्रमुख मंदिरों और गीता भवन में भी सामूहिक पूजन की भव्य व्यवस्था की गई है।

11:49 AM, 29-Oct-2026

करवा चौथ पर हल्के गहनों की भारी मांग, कारीगरी से मिल रहा नया लुक

करवा चौथ पर ज्वेलरी बाजार में हल्के वजन वाले गहनों की मांग बनी हुई है। महिलाएं ऐसे गहने पसंद कर रही हैं, जो वजन में हल्के हों, लेकिन देखने में भारी और आकर्षक लगें। बारीक कारीगरी, कुंदन, स्टोन और पारंपरिक डिजाइन वाले गहनों में यह ट्रेंड खास तौर पर नजर आ रहा है। सोने-चांदी की पारंपरिक ज्वेलरी के साथ ग्राहक हल्के डिजाइन वाले गहनों के विकल्प भी तलाश रहे हैं। बाजार में 10 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक के हल्के गहनों के विकल्प उपलब्ध हैं। त्योहार पर महिलाएं साड़ी, लहंगे और अन्य पारंपरिक परिधानों के साथ मैचिंग ज्वेलरी खरीद रही हैं। ऐसे में गहनों का लुक, वजन और बजट खरीदारी के अहम पहलू हैं। हल्के वजन में हैवी लुक देने वाली कारीगरी उन ग्राहकों को आकर्षित करती है, जो पारंपरिक और भव्य लुक चाहती हैं, लेकिन भारी गहने पहनने से बचना चाहती हैं।

आर्टिफिशियल ज्वेलरी की भी भारी मांग

आर्टिफिशियल ज्वेलरी में कुंदन वर्क, पोल्की स्टाइल, एंटीक फिनिश, स्टोन सेटिंग और मोतियों के इस्तेमाल से पारंपरिक लुक तैयार किया जा रहा है। कई डिजाइन ऐसे होते हैं, जिनमें गहने की बनावट और सजावट उसे बड़ा और भव्य दिखाती है, जबकि उनका वजन अपेक्षाकृत कम रहता है। चोकर सेट, लेयर्ड नेकलेस, बड़े झुमके और मैचिंग मांगटीका जैसे विकल्प त्योहार के परिधानों के साथ पहने जा सकते हैं।

अंगूठी 10 हजार, मंगलसूत्र 50 हजार रुपये से शुरू

चांदनी चौक के कूचा महाजनी में अलग-अलग बजट के अनुसार गहनों के विकल्प उपलब्ध हैं। व्यापारियों के मुताबिक, अंगूठी की शुरुआती कीमत 10 हजार रुपये, पायल की 5 हजार रुपये और बिछिया की 500 रुपये से शुरू होती है। वहीं, मंगलसूत्र 50 हजार रुपये से का शुरूआती कीमत में खरीदा जा सकता है।

ग्राहक की पसंद में डिजाइन और बजट दोनों

करोल बाग के ज्वेलर्स ने बताया कि करवा चौथ पर खरीदारी करने वाली महिलाएं गहनों के पारंपरिक लुक के साथ उनके वजन और उपयोगिता पर भी ध्यान दे रही हैं। कुछ ग्राहक त्योहार के लिए नए गहने खरीदते हैं, जबकि कुछ अपने मौजूदा गहनों के साथ मैचिंग आभूषण चुनते हैं। हल्के वजन में आकर्षक डिजाइन मिलने से ग्राहक अपने बजट के अनुसार विकल्प तलाश रहे हैं।

खूबसूरती के साथ आराम भी

हल्के गहनों की लोकप्रियता का एक कारण पहनने में सुविधा भी है। लंबे समय तक नेकलेस या झुमके पहनने के दौरान वजन कुछ ग्राहकों के लिए अहम हो सकता है। वहीं, त्योहार पर भव्य लुक पाने की चाह भी बनी रहती है। ऐसे में हल्के वजन और आकर्षक कारीगरी का मेल ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुसार ज्वेलरी चुनने का विकल्प देता है।

11:48 AM, 29-Oct-2026

करवा चौथ पर करावल नगर की महिलाओं को लगी मुफ्त मेहंदी

करवा चौथ पर करावल नगर की महिलाओं के लिए दिल्ली सरकार की ओर से मुफ्त मेहंदी लगवाने की व्यवस्था की गई। कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, इस इंतजाम का उद्देश्य महिलाओं को त्योहार की तैयारियों में सुविधा देना और उनकी खुशियों में सहभागी बनना रहा। करवा चौथ पर मेहंदी लगाना महिलाओं के उत्सव का अहम हिस्सा माना जाता है। इस दिन महिलाएं पारंपरिक तरीके से सजती-संवरती हैं और पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाती हैं। ऐसे में मुफ्त मेहंदी की व्यवस्था से क्षेत्र की महिलाओं को त्योहार के मौके पर सुविधा देने की पहल की गई।

11:48 AM, 29-Oct-2026

करवा चौथ: सुहागिनों में 3डी मेहंदी का क्रेज, हाथों पर उभरेंगे खूबसूरत डिजाइन

अखंड सौभाग्य के पर्व करवा चौथ के नजदीक आते ही पूर्वी दिल्ली के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। लक्ष्मी नगर, गांधी नगर, निर्माण विहार, मयूर विहार और कृष्णा नगर जैसे प्रमुख बाजारों में महिलाएं त्योहार की खरीदारी में जुटी हैं। इस बार नवविवाहिताओं के बीच 3डी मेहंदी, सुनहरी मेहंदी और बॉलीवुड स्टाइल के कपड़ों का खास क्रेज देखने को मिल रहा है। वहीं, रंग-बिरंगी चूड़ियां, परांदे और पूजा की थालियां भी महिलाओं की पसंद बनी हुई हैं।

करवा चौथ पर हाथों में मेहंदी लगाने का विशेष महत्व है। इस बार पारंपरिक डिजाइनों के साथ 3डी और सुनहरी मेहंदी भी महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं। मेहंदी लगवाने के लिए 300 से 2,500 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। त्योहार के मद्देनजर महिलाएं पहले से ही बुकिंग करा रही हैं। गांधी नगर बाजार के व्यापारी सुरेश गुप्ता ने बताया कि करवा चौथ पर सजने-संवरने के लिए महिलाएं नए कपड़ों की खरीदारी कर रही हैं। सिल्क शरारा, लाल अनारकली सूट, डिजाइनर लहंगे, क्रॉप टॉप और फिश-कट गाउन पसंद किए जा रहे हैं। इन कपड़ों की कीमत डिजाइन और गुणवत्ता के अनुसार 2,000 से 20,000 रुपये तक है। वहीं, लक्ष्मी नगर बाजार के व्यापारी महेश अग्रवाल ने बताया कि बाजारों में अलग-अलग बजट के कपड़ों के विकल्प उपलब्ध हैं। महिलाएं कपड़ों के साथ मैचिंग चूड़ियां और अन्य सजावटी सामान भी खरीद रही हैं। धागे वाली और शीशे से जड़ी चूड़ियों की मांग है। बालों को सजाने के लिए परांदे भी महिलाओं को पसंद आ रहे हैं। बाजारों में त्योहार के मद्देनजर रंग-बिरंगे सामान की दुकानें सजी हुई हैं।

पूजा सामग्री की दुकानों पर भी रौनक

करवा चौथ की पूजा के लिए बाजारों में करवे, छलनी और पूजा थालियों के सेट उपलब्ध हैं। मिट्टी के करवे 25 रुपये और छलनी 40 रुपये से शुरू हो रही हैं। वहीं, पीतल, स्टील और चांदी के करवे 125 रुपये से मिल रहे हैं। पूजा थालियों के सेट भी 125 रुपये से उपलब्ध हैं। करवा चौथ को लेकर पूर्वी दिल्ली के बाजारों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है। महिलाएं अपनी पसंद और बजट के अनुसार कपड़े, गहने, चूड़ियां और पूजा सामग्री खरीद रही हैं। दुकानदारों को भी त्योहार के दौरान बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल से कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।

08:40 AM, 29-Oct-2026

करवाचौथ पूजन का शुभ मुहूर्त  

ज्योतिषाचार्य वेद प्रकाश प्रचेता ने बताया कि 28 अक्तूबर की रात 1:07 बजे कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि शुरू होगी, जो 29 अक्तूबर की रात 10:07 बजे तक रहेगी। करवाचौथ पर रात आठ बजे चंद्रोदय होगा। इसके बाद महिलाएं चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देंगी और पति का चेहरा देखकर व्रत का पारण करेंगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X