Kathua News:कार्तिक पूर्णिमा पर बाबा जितमल और बुआ कोड़ी मंदिर में विशाल भंडारा – Jammu And Kashmir News
हीरानगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सबडिवीजन के सीमावर्ती गांव लडवाल स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन बाबा जितमल और बुआ कोड़ी मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में कठुआ जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा जी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
मान्यता के अनुसार, बाबा जितमल ने अपने जीवनकाल में मंदिर परिसर में लगे बेर के पेड़ के नीचे विश्राम किया था। श्रद्धालुओं की आस्था है कि सदियां बीत जाने के बावजूद यह पेड़ आज भी हरा-भरा है, जो मंदिर की विशेष पहचान और आस्था का केंद्र बना हुआ है। मंदिर के पंडित के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित भंडारे में पूरे दिन करीब 10 क्विंटल चावल तैयार किए गए और श्रद्धालुओं को लंगर वितरित किया गया। गौरतलब है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जम्मू के झिड़ी में भी बाबा जित्तो के नाम पर प्रसिद्ध मेला आयोजित होता है। इसी धार्मिक महत्व के चलते लडवाल स्थित बाबा जितमल और बुआ कोड़ी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की विशेष आस्था है।
