Kotdwar News:3.30 करोड़ स्वीकृत, फिर भी पनियाली गदेरे पर पुल निर्माण का इंतजार – Rs 3.30 Crore Sanctioned, Yet The Wait For A Bridge Over The Panyali Stream Continues
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। अनूप विहार कॉलोनी के लोगों को कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप के समीप पनियाली गदेरे पर प्रस्तावित पुल के निर्माण का इंतजार है। शासन ने 36 मीटर स्पान के डबल लेन पुल के लिए 3.30 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
वर्ष 2023 की आपदा में गदेरे पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे अनूप विहार कॉलोनी के लोगों और गबर सिंह कैंप में तैनात सैनिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र के दौरे के दौरान पुल निर्माण की घोषणा की थी। लोनिवि दुगड्डा ने डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी थी, जिसे अगस्त में मंजूरी मिल गई। स्थानीय निवासी रघुवीर सिंह रावत ने जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की है। लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि पुल सहित क्षेत्र की सात सड़कों के शिलान्यास और लोकार्पण की सूची शासन को भेजी गई है। सोमवार को कोटद्वार में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इनका शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है।
