Kushinagar News:सहालग में चीनी के दाम में उछाल, एक सप्ताह में 10 रुपये तक बढ़े भाव – Sugar Prices Surge During The Wedding Season; Rates Rise By Up To 10 In One Week
– प्रति किलो 10 रुपये तक बढ़े चीनी के दाम, आम उपभोक्ताओं की जेब पर बढ़ा बोझ
– शादी-विवाह के सीजन में बढ़ी मांग का असर, आगे भी कीमतों में उतार-चढ़ाव की आशंका
पडरौना। सहालग का सीजन शुरू होते ही बाजार में चीनी के दाम में तेजी आ गई है। बीते करीब एक सप्ताह में चीनी की कीमत में प्रति किलो 10 रुपये तक का उछाल आया है। इससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ बढ़ गया है। एक सप्ताह पहले 55 रुपये प्रति किलो की दर से बिकने वाली चीनी का दाम इन दिनों 65 रुपये प्रति किलो हो गया है।
शादी-विवाह के सीजन में मिठाइयों, पकवानों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ चीनी की खपत भी बढ़ जाती है। दुकानदारों के अनुसार, सहालग के चलते चीनी की मांग में तेजी आई है। थोक बाजार में कीमतें बढ़ने का असर फुटकर दुकानों पर भी दिखाई देने लगा है। ग्राहकों को अब पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। इससे रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल चीनी महंगी होने से घरों का रसोई बजट भी प्रभावित होने लगा है।
दुकानदार अजय शर्मा, महेंद्र गोंड़ और सुनील मद्धेशिया ने बताया कि चीनी के दाम में अचानक आई तेजी से ग्राहक भी हैरान हैं। कुछ लोग जरूरत के हिसाब से ही चीनी खरीद रहे हैं, जबकि अधिक मात्रा में खरीदारी करने वाले ग्राहक बढ़े दाम को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। चीनी के थोक विक्रेता शिवमोहन जायसवाल ने बताया कि थोक में चीनी 60 से 62 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है। वहीं, फुटकर में इसका भाव 65 रुपये प्रति किलो है।
चीनी खरीदने पहुंची सरिता जायसवाल, सोनम गुप्ता और प्रतिभा सोनी ने बताया कि पहले से ही खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के बीच चीनी महंगी होने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
