रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Lakhimpur Kheri News:पिकअप की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर – Bike Rider Dies After Being Hit By Pickup, Companion Critical
लखीमपुर-खीरी

Lakhimpur Kheri News:पिकअप की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर – Bike Rider Dies After Being Hit By Pickup, Companion Critical

November 27, 2026


गोला गोकर्णनाथ। गोला-बांकेगंज मार्ग पर नगरा सलेमपुर के पास बुधवार रात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार फहीम (18) पुत्र फारुख की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अरबाज गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों कुकरा निवासी थे और बाजार से सामान खरीदकर घर लौट रहे थे।

कुकरा निवासी कोटेदार फारुख खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा फहीम 25 नवंबर को अरबाज उर्फ गोलू (17) पुत्र कयामुद्दीन के साथ बाइक से गोला आया था। रात करीब सात बजे घर लौटते समय बांकेगंज की ओर से आ रही पिकअप ने नगरा सलेमपुर के पास उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों को गोला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फहीम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पिकअप कब्जे में ले ली है।

गोला क्षेत्र में हुए अन्य हादसों में रुखसार (27), नसरुद्दीन (50) निवासी कुकरा, अवनीश दीक्षित (40) निवासी पटेल नगर, मोहित कुमार (28), शिवा (20) निवासी तूलमेलगंज थाना हैदराबाद और सुमित कुमार (22) निवासी छितौनिया घायल हो गए।

अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फहीम के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गुल्लू, अवनीश दीक्षित, मोहित कुमार और सुमित कुमार को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

———————–

हादसे में घायल बाइक मैकेनिक की लखनऊ में मौत

नौ दिन पहले दुकान में घुसी थी अनियंत्रित पिकअप, दो अन्य लोग हुए थे घायल

संवाद न्यूज एजेंसी

खीरी टाउन। नौ दिन पहले लहरपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल बाइक मैकेनिक आसिफ (27) की बुधवार देर रात लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। 16 नवंबर को लगुचा की ओर से आ रही अनियंत्रित पिकअप खीरी कस्बे में आसिफ की बाइक मरम्मत की दुकान में घुस गई थी। हादसे में आसिफ समेत तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुकान के बाहर खड़ी छह बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

घायलों में जोशी टोला निवासी अनमोल (17) पुत्र नीरू और मूसेपुर निवासी जुबेर (15) पुत्र अखलाख भी शामिल थे। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां से आसिफ और अनमोल की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को आसिफ का शव मोहल्ले पहुंचा तो शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दर्ज रिपोर्ट में संबंधित धाराएं तरमीम कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ महक शर्मा ने बताया कि आसिफ की मौत की सूचना मिली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

——————

बरात लेकर जा रही बस की टक्कर से बाइक चालक घायल

महेवागंज/फूलबेहड़। गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कोरइया गांव निवासी गणेश (28) पुत्र शिव बालक बुधवार रात बाइक से फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के अगरा गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इस दौरान सीतापुर से बरात लेकर पलिया जा रही बस ने सुंदरवल चौकी के पास ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक सवार गणेश बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा। सीओ धौरहरा अभिषेक यादव ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। युवक का इलाज चल रहा है। संवाद

————

ट्रैक्टर-बाइक की भिड़ंत में महिला गंभीर

बिजुआ। लखीमपुर-भीरा राजमार्ग पर पड़रियातुला पुलिस चौकी के पास पेट्रोल पंप के सामने बुधवार देर शाम ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार चंपाकली (55) पत्नी आशाराम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके साथ मौजूद कई अन्य लोग भी चोटिल हुए।

दुबहा गांव निवासी परिवार लखीमपुर से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़रियातुला के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पड़रियातुला पुलिस चौकी की टीम ने एंबुलेंस से सभी घायलों को बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चम्पाकली को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का सीएचसी में उपचार किया गया। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X