Lakhimpur Kheri News:बकरी चराने निकले 12 वर्षीय बालक की संदिग्ध हालात में मौत – A 12-year-old Boy Who Had Gone Out To Graze Goats Died Under Suspicious Circumstances
ओयल। कोतवाली सदर की एलआरपी चौकी क्षेत्र के ग्राम मड़राही में 12 वर्षीय प्रिंस का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला। दोपहर में बकरी चराने निकले बालक के शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के पिता देवीदीन ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे प्रिंस मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने गया था। शाम करीब चार बजे साथ गई मोहल्ले की बच्ची आरुषी पुत्री राजेश बकरियां लेकर घर पहुंची। उसने बताया कि प्रिंस बकरियां छोड़कर कहीं चला गया है। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब छह बजे ग्राम मड़राही में एक बच्चे का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने उसकी पहचान प्रिंस के रूप में की।
सूचना पर एलआरपी और ओयल पुलिस के साथ शहर कोतवाल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव उतरवाकर जिला मुख्यालय भेज दिया।
सीओ महक शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
