बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ललितपुर

Lalitpur News:हादसे में किसान की मौत, अस्पताल में परिजन का हंगामा – Farmer Dies In Accident; Family Members Create A Ruckus At The Hospital

November 18, 2026


ललितपुर। थाना पाली के ग्राम मगरपुर-बिरधा मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में किसान की मौत हो गई। मंगलवार सुबह बाइक सवार करन सिंह सड़क के गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी जान चली गई, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया।

ग्राम मगरपुर निवासी करन सिंह (38) मंगलवार सुबह करीब दस बजे खेत पर जा रहे थे। वह अपनी बाइक से बिरधा रोड स्थित खेत की ओर बढ़ रहे थे। मगरपुर-बिरधा मार्ग पर सड़क के बीचो-बीच बने एक बड़े गड्ढे में उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में करन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां उपचार के दौरान करन सिंह का पेट फूल गया और नाक-कान से खून आने लगा। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। करन सिंह की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि करन को जब लाया गया था, तब वह ज्यादा गंभीर नहीं थे।

वहीं, सीएमएस डॉ. गजेंद्र सिंह का कहना है कि घायल को अचेत अवस्था में अस्पताल में लाया गया था। परीक्षण के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X