रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महाराजगंज

Maharajganj News:200 विद्यालयों में चलेगा स्कूल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम – School Safety Awareness Program To Be Conducted In 200 Schools

November 28, 2026


महराजगंज। जिले के 200 विद्यालयों में मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों और विद्यालय कर्मचारियों को भूकंप, आगजनी सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीके बताए जाएंगे। मॉक ड्रिल के माध्यम से उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।

डीएम ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेना जरूरी है। इसके लिए विद्यार्थियों और विद्यालय कर्मचारियों को पहले से प्रशिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान मॉक ड्रिल को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि बच्चे आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा करने के साथ दूसरों की मदद भी कर सकें। उन्होंने जनपद स्तर पर कार्यक्रम के तहत मेगा इवेंट आयोजित कराने और इसमें अधिक से अधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्कूलों में जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री वितरित कराने और सुरक्षा उपायों से जुड़े बैनर प्रमुख स्थानों पर लगवाने के निर्देश दिए।

डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, बीएसए सुरजीत कुमार सहित एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X