भोगांव। ससुराल से घर लौट रहे पिता-पुत्र की बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। पीछे आ रहे एक वाहन ने उनको टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के लिए सैफई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई जबकि पुत्र को फर्रुखाबाद के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
नगर के मोहल्ला ऊपर टीला निवासी 38 वर्षीय प्रमोद पुत्र बलिस्टर सिंह बृहस्पतिवार को फर्रुखाबाद के मसैनी चौराहा पर स्थित अपनी ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वह पुत्र शिवम (10 वर्ष) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे लोगों ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय मैनपुरी पहुंचाया। प्रमोद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया। तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं घायल शिवम (10 वर्ष) को उपचार के लिए फर्रुखाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर ले जाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ भोगांव आरके द्विवेदी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

फोटो 28 मृतक प्रमोद