रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी से 232 मरीजों को मिली राहत – 232 Patients Find Relief Through Robotic Surgery At Nerchowk Medical College

November 23, 2026


मंडी। श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में शुरू हुई रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

करीब 28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब तक 232 से अधिक सफल सर्जरी की जा चुकी हैं। मार्च 2026 से अब तक यह सर्जरी पित्त की पथरी, रसौली, अल्सर, अपेंडिक्स और अन्य रोगों की हुई हैं।

मंडी, कुल्लू सहित आसपास के जिलों के मरीजों को इसका लाभ मिल रहा है। निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च पर उन्नत उपचार उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी बड़ी राहत मिली है।

थुनाग क्षेत्र के लंबाथाच निवासी महेंद्र नाथ ने बताया कि उनकी पत्नी चार महीनों से बीमार थीं। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद चिकित्सकों ने सर्जरी की सलाह दी। यहां सफल रोबोटिक सर्जरी के बाद उनकी पत्नी के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने घर के नजदीक आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिलने पर संतोष जताया।

कुल्लू जिले के भुंतर निवासी धर्मवीर भी लंबे समय से बीमारी से परेशान थे। कुल्लू अस्पताल में परामर्श लेने के बाद वह नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां जांच के बाद उनकी रोबोटिक सर्जरी की गई। पेशे से पेंटर धर्मवीर ने बताया कि निजी अस्पतालों में इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल था लेकिन नेरचौक में कम खर्च पर बेहतर उपचार मिल गया।

वहीं, बालीचौकी निवासी गीतानंद ने बताया कि उनकी पत्नी की बीमारी के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज में जांच करवाई गई। चिकित्सकों की सलाह पर उनकी सफल रोबोटिक सर्जरी हुई। अब उनकी पत्नी की सेहत में सुधार है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ही आधुनिक उपचार की सुविधा मिलने से मरीजों और तीमारदारों को दूरदराज के बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं।

आधुनिक तकनीक से मरीजों को मिल रहा लाभ

कम समय में 232 से अधिक रोबोटिक सर्जरी होना इस तकनीक की उपयोगिता को दर्शाता है। आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के समन्वय से मरीजों को बेहतर और सटीक उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। इससे उपचार की लागत कम करने में भी मदद मिल रही है। मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध यह सुविधा क्षेत्रवासियों को घर के नजदीक उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। -राजेश भवानी, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज नेरचौक

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X