Mau News:एसटी प्रमाणपत्र जारी करने की मांग के लिए गोंड समाज ने किया का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन – Gond Community Stages Protest Demanding Issuance Of St Certificates; Submits Memorandum
मधुबन। तहसील परिसर में शुक्रवार को अखिल भारतीय गोंड महासभा के तत्वावधान में गोंड समाज के लोगों ने अनुसूचित जनजाति (एसटी) का प्रमाणपत्र जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग उठाई। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम दीपक सिंह को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गोंड समाज को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल होने के बावजूद तहसील स्तर पर प्रमाण पत्र बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आवेदन करने के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती। बार-बार अभिलेखों की मांग किए जाने से गरीब और अशिक्षित परिवारों को परेशानी होती है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई, युवाओं के रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने पर पड़ रहा है। मनोज गोंड ने कहा कि गोंड समाज लंबे समय से इस क्षेत्र में निवास करता आ रहा है। सरकार की ओर से अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने के बावजूद लोगों को स्थानीय स्तर पर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की।मैनेजर गोंड ने कहा कि समाज अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहा है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। संतोष गोंड और राजेश गोंड ने भी प्रमाण पत्र के अभाव में युवाओं को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाने की समस्या उठाई।प्रदर्शन में सुरेश सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे। एसडीएम दीपक सिंह ने ज्ञापन लेकर नियमानुसार कार्रवाई और पात्र लोगों के प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
