Mirzapur News:लोकनृत्य में सिटी तो लोकगीत में कोन की टीम विजेता – In Folk Dance, The ‘city’ Team Emerged Victorious, While In Folk Song, The ‘kon’ Team Won
मिर्जापुर। महुवरिया स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में बृहस्पतिवार को युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें लोकनृत्य (सामूहिक) में सिटी विकास खंड और लोकगीत (सामूहिक) में कोन विकास खंड की टीम विजेता रही। इसके अलावा पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन प्रतियोगिताएं भी हुईं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने किया। उन्होंने कहा कि हमारा देश युवाओं के लिए जाना जाता है। युवाओं की प्रतिभा और योग्यता को आगे लाने के लिए ऐसे कार्यक्रम जरूरी हैं।
लोकनृत्य (सामूहिक) में आकाश कुमार एंड टीम, विकास खंड सिटी विजेता और मीनाक्षी कसेरा की विकास खंड सदर की टीम उपविजेता रही।
लोकगीत (सामूहिक) में विनय कुमार की विकास खंड कोन की टीम विजेता और प्रिया की विकास खंड जमालपुर की टीम उपविजेता रही। पेंटिंग प्रतियोगिता में करन कुमार गुप्ता प्रथम, अजय कुमार द्वितीय और परिधि सिंह तृतीय स्थान पर रहे। कविता लेखन में कार्तिकेय प्रथम, अन्नू द्वितीय और सरस्वती गिरी तृतीय स्थान पर रहीं। नुक्कड़ नाटक में नीतू यादव की टीम विजेता और शौर्य राज प्रधान की टीम उपविजेता रही।
समापन पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामदत्त प्रजापति ने विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी दिनेश कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं कार्यक्रम प्रभारी अभय कुमार सिंह, बिमलेश कुमार, नेहा तिवारी, शिप्रा सिंह और अनिल गोस्वामी मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में जीआईसी के प्रधानाचार्य जय सिंह, रीता वर्मा, अनिल राव, दीपा कुमारी, पांचू और विद्यासागर आदि शामिल रहे। संचालन आनंद देवा ने किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
