यूपी : अगर हिंदुओं को कोई छेड़ेगा तो छोड़ेंगे नहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं को एकजुट होने का किया आह्वान – Anyone Messes With Hindus, They Will Not Be Spared; Dhirendra Shastri Calls For Hindus To Unite.
कुंडा के बेंती राजभवन में शुक्रवार को दिव्य दरबार से बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अगर कोई हिंदुओं को छेड़ेगा तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आज देवउठनी एकादशी है। इसी दिन संन्यासी बाबा और बाला जी कृपा मिली थी। हमारी जिंदगी का 18वां साल संपन्न हो गया है। आज व्रत रहना पड़ता है। संन्यासी बाबा की समाधि पर पहुंचना पड़ता है।
एक ही कपड़े में बाबा के लिए भोजन बनाना और भोग लगने के बाद प्रसाद ग्रहण करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि 600 जिलों में कथा होगी। उन्होंने सनातनियों को गरीब बेटियों का विवाह, धर्मांतरण रोकने, हिंदू एकता बनाने, शस्त्र और शास्त्र विद्या से हिंदुओं को मजबूत करने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि हिंदू बेटियां दुर्गा और काली बनो। कुंडा की कथा दिव्य और भव्य हुई। जो लोग कथा रोकने वाले थे, उनकी ठठरी भी भर गई। 17 नवंबर को गोपाष्टमी थी, हमारा विरोध करने वाले कुछ लोग उस समय कृष्ण भक्त भी बन गए थे लेकिन गोपाष्टमी पर वह गो पूजन करते हुए नहीं दिखाई पड़े।
यह देखकर समझ आया कि कुछ लोग नाम बदलकर इसलिए विरोध कर रहे थे कि हिंदुओं को आपस में लड़वाया जाए। हम पहले दिन और आज अंतिम दिन भी कह रहे हैं कि अगर हिंदू एकता के लिए गोली भी खानी पड़ी तो भी पीछे नहीं हटेंगे। वैसे हमें अब भरोसा है कि गोली नहीं खानी पड़ेगी बल्कि हिंदुओं का विरोध करने वालों को सिर दर्द की गोली खानी पड़ेगी।
कल हम उड़नखटोला से दिल्ली गए थे
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बृहस्पतिवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम था। कथा करने के बाद हम उड़नखटोला से दिल्ली चले गए थे। कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। सुबह लोगों से मुलाकात के बाद आए।
अब शनिवार को वृंदावन स्थित गौरी गोपाल आश्रम में 51 बेटियों का विवाह है। उस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पंजाब सहित यूपी के अलग-अलग जिलों में आयोजित कथा में शामिल होना है। उन्होंने चार दिसंबर को गोंडा में होने वाली कथा में पहुंचने की अपील की।
