रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नैनीताल

Nainital News:हाईकोर्ट में सुनवाई से एक दिन पहले ज्योति सिंह ने काटे कोतवाली के चक्कर – Jyoti Singh Visited The Police Station A Day Before The Hearing In The High Court

November 25, 2026


– बुधवार को पूरी हो रही गिरफ्तारी पर रोक की मियाद, हनी ट्रैप मामले की मुख्य आरोपी है महिला

– जांच में शामिल करने के लिए पुलिस को देना चाहती थी पत्र, नहीं लिया

माई सिटी रिपोर्टर

हल्द्वानी। शहर के बड़े कारोबारी को हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर पांच करोड़ नकद और दो करोड़ रुपये के चार प्लॉट हड़पने वाले मामले की आरोपी ज्योति सिंह मंगलवार को अचानक कोतवाली पहुंच गई। यहां वह पुलिस को विवेचना में शामिल करने के लिए एक पत्र देना चाहती थी लेकिन पुलिस ने बयान दर्ज करने के लिए बुलाने और उस समय साक्ष्य व पत्र लेने की बात कही। बुधवार को ज्योति सिंह की गिरफ्तारी पर लगी रोक का अंतिम दिन है। 25 नवंबर को हाईकोर्ट में दोबारा सुनवाई है। कोर्ट अगर स्टे हटा देता है तो पुलिस ज्योति सिंह को गिरफ्तार करेगी।

ज्योति और साथी मो. मुश्ताक समेत पांच लोगों पर कारोबारी से करोड़ों की रकम और संपत्ति हड़पने का आरोप है। यह खेल 11 साल से चला आ रहा है। आर्थिक रूप से कंगाली की कगार पर आ चुके और मानसिक तनाव से जूझ रहे कारोबारी ने अंत में पुलिस की मदद ली। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से मुख्यारोपी ज्योति सिंह का कुछ पता नहीं चल रहा था। दो दिन बाद ही उसने हाईकोर्ट में याचिका लगाई और न्यायालय के आदेश से उसकी गिरफ्तारी पर 25 नवंबर तक की रोक लगा दी गई।

रियायत की मियाद पूरी होने से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को ज्योति एक पत्र लेकर पहले कोतवाली फिर पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंची। जानकारी के अनुसार, वह एक पत्र पुलिस को देना चाहती थी जिसे विवेचना में शामिल करने की मांग कर रही थी। हालांकि पुलिस का कहना था कि विवेचक को जब बयान दर्ज करने के लिए बुलाएंगे, उसी समय साक्ष्य व अन्य दस्तावेज लिए जाते हैं। बता दें कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी, 34, 384, 387, 389 और 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज है।

—

विवेचना आपके अनुसार नहीं चलेगी

ज्योति सिंह जब बार-बार पुलिस से दस्तावेज लेने की बात कहती रही और साथ ही रिसीविंग देने की भी बात कही। तब पुलिस ने कहा कि विवेचना की प्रक्रिया आपके अनुसार नहीं चलेगी। विवेचक के बुलाने पर आप आएं और अपनी बात को पूरे तथ्यों व साक्ष्यों या जो भी दस्तावेज आप देना चाहती हैं उनके साथ रखें।

—वर्जन—

मामले में विवेचना जारी है। प्रक्रिया के तहत जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। महिला आरोपी आई थीं उन्हें विवेचक से संपर्क करने को कहा गया है। – लव शर्मा, सीओ सिटी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X