Panchkula News:कार्तिक पूर्णिमा पर घग्गर नदी में किया दीपदान, मंत्रोच्चार के साथ प्रवाहित किए दीप – On Kartik Purnima, Lamps Were Offered In The Ghaggar River; The Lamps Were Set Afloat Accompanied By The Chanting Of Mantras
-सेक्टर-28 के निवासियों ने श्रद्धा के साथ मनाया पर्व
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। कार्तिक पूर्णिमा व देव दिपावली के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के सदस्यों और सेक्टर-28 के निवासियों ने घग्गर नदी में श्रद्धापूर्वक दीपदान किया। इस दौरान पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ नदी में दीप प्रवाहित किए गए। श्रद्धालुओं ने दीयों में तेल और घी डालकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में सदस्यों ने बताया कि हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान करने की परंपरा है। मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सभी ने मिलकर घग्गर नदी के तट पर दीपदान किया। दीपों की रोशनी से नदी का किनारा जगमगा उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भारत विकास परिषद की शाखा के सचिव राकेश कुमार, वित्त सचिव रचना शर्मा और परियोजना प्रमुख विजय लक्ष्मी ने कार्यक्रम में भाग लिया। इनके साथ एचएस वर्मा, मधु शर्मा, डॉ. मधु कौशिक और रुचिका भी मौजूद रहीं।
सेक्टर-28 के निवासियों में शौर्य, नेहा, मंजीत कौर, करमजीत कौर, अमीन चंद, बिमला रोहिला, संतोष देवी और सौम्या ने भी उत्साहपूर्वक दीपदान किया। सभी ने भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान काफी संख्या में लेाग मौजूद रहें। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।
