रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पंचकूला

Panchkula News:मुआवजा मामलों में पंजाब सरकार की पैरवी पर हाईकोर्ट की फटकार – High Court Reprimands Punjab Government For Its Advocacy In Compensation Cases

November 24, 2026


चंडीगढ़। जमीन अधिग्रहण के मामलों में मुआवजा बढ़ाने की मांग का विरोध कर रही पंजाब सरकार अदालत में मजबूती से अपना पक्ष नहीं रख पा रही है। सरकारी अधिकारी न तो जमीन की वास्तविक स्थिति से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश कर रहे हैं और न ही मुआवजा तय करने के लिए इस्तेमाल किए गए बिक्री विलेखों की प्रामाणिकता जांच रहे हैं। इसके चलते जमीन मालिकों की ओर से पेश साक्ष्यों के आधार पर सरकार पर भारी अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने अधिकारियों के इस रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है।

जस्टिस जगमोहन बंसल ने कहा कि चार महीनों से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिनमें राज्य सरकार संदर्भ अदालत के सामने जरूरी साक्ष्य पेश करने में विफल रही। अदालत ने हाईकोर्ट रजिस्ट्री को आदेश की प्रति पंजाब के मुख्य सचिव और प्रधान/अतिरिक्त मुख्य सचिव (कानून एवं न्याय) को भेजने का निर्देश दिया है ताकि सरकार के शीर्ष अधिकारी इस मामले पर ध्यान दें।

हाईकोर्ट 55 याचिकाओं के एक समूह पर सुनवाई कर रहा था। ये याचिकाएं रोपड़ की संदर्भ अदालत और अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के मुआवजे संबंधी फैसलों के खिलाफ दाखिल की गई थीं। मामला रोपड़ बाईपास के निर्माण के लिए नौ गांवों की जमीन अधिग्रहित करने से जुड़ा है। जमीन मालिकों ने निर्धारित मुआवजे को अपर्याप्त बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की थी जबकि सरकार इसका विरोध कर रही थी।

अदालत ने मुआवजा तय करने के लिए इस्तेमाल किए गए बिक्री विलेखों की जांच में भी गंभीर खामियां पाईं। जस्टिस बंसल ने कहा कि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होने से कुछ महीने पहले छोटे भूखंडों की खरीद-फरोख्त के दस्तावेज तैयार किए जाते हैं लेकिन अधिकारी उनकी वास्तविकता जांचने का प्रयास तक नहीं करते। जमीन का बाजार मूल्य तय करने से पहले ऐसे दस्तावेजों की प्रामाणिकता परखना जरूरी है।

जस्टिस बंसल ने कहा कि इन मामलों से जुड़े अधिकारी बेहद लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना तरीके से काम कर रहे हैं। कोर्ट ने आदेश की प्रति पंजाब के मुख्य सचिव को भेजने का निर्देश दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X