रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पानीपत

Panipat News:सर्दी बढ़ते ही कंबल बाजार में आई तेजी, बिक्री दोगुनी – Blanket Market Sees A Surge As Winter Intensifies; Sales Double

November 24, 2026


-नामी ब्रांड के साथ लोकल कंबल की भी बढ़ी मांग, अन्य प्रदेशों से थोक खरीदारी के लिए पहुंच रहे व्यापारी

-कंबल के रेट प्रति किलोग्राम में 10 से 20 रुपये और गर्म चादर के दाम 10 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़े

माई सिटी रिपोर्टर

पानीपत। ठंड का असर तेज होते ही शहर के कंबल बाजार में खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली है। बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही कंबल की बिक्री दोगुनी हो गई है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से पहुंचे व्यापारी भी थोक में माल उठा रहे हैं। इससे कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।

लोग नामी कंपनियों के कंबलों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर तैयार कंबलों की भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। गोहाना रोड स्थित बालाजी हैंडलूम के संचालक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि इस बार कंबल के दाम प्रति किलोग्राम में पिछले साल के मुकाबले 10 से 20 रुपये तक बढ़े हैं। इसके अलावा गर्म चादर के रेट में भी प्रति किलोग्राम 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

कंबल बाजार स्थित अशोक नारंग ने बताया कि सर्दी के मौसम में लोकल कंबलों की मांग में खासा इजाफा होता है। गुणवत्ता और किफायती दामों के चलते दूसरे प्रदेशों के व्यापारी लगातार खरीदारी के लिए आ रहे हैं, जिससे बाजार में कारोबार को गति मिली है।

खरीदारी करने आए राजेंद्र ने बताया कि रात के समय ठंड बढ़ने लगी है, इसलिए परिवार के लिए कंबल और गर्म चादर लेने बाजार आए हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में वैरायटी अच्छी है और जरूरत के हिसाब से पसंद की चीज मिल रही है।सुमन ने बताया कि वे अपने बजट और पसंद के अनुसार कंबल देख रही हैं। उन्होंने कहा कि सर्दी शुरू होते ही घर में गर्म कपड़ों व कंबलों की जरूरत पड़ जाती है, इसलिए समय रहते खरीदारी कर रही हैं।

व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी, जिससे खुदरा व थोक दोनों तरह की बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X