रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पानीपत

Panipat News:स्कूलों में सफाई और स्मार्ट बोर्ड के इस्तेमाल में लापरवाही पर डीसी सख्त – Dc Takes A Strict Stance On Negligence Regarding Cleanliness And The Use Of Smart Boards In Schools

November 26, 2026


गोद लिए स्कूलों का अधिकारी कम से कम तीन बार करेंगे निरीक्षण, सप्ताह में दो पीरियड स्वच्छता अभियान के लिए होंगे निर्धारित

माई सिटी रिपोर्टर

पानीपत। जिले के सरकारी स्कूलों में सफाई व्यवस्था और स्मार्ट बोर्ड के उपयोग में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर स्कूलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही स्पष्ट किया कि यदि सफाई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का सही ढंग से निर्वहन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उपायुक्त ने स्कूलों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि इनका उद्देश्य केवल दिखावा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से पढ़ाई कराना है।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड के उपयोग की समीक्षा करें और सुनिश्चित करें कि विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

निरीक्षण के साथ कमियां दूर कराने की जिम्मेदारी

डीसी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी अपने गोद लिए गए स्कूल का कम से कम तीन बार निरीक्षण करे। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वहां सामने आने वाली कमियों को दूर करवाना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

सप्ताह में दो पीरियड स्वच्छता अभियान के लिए

उपायुक्त ने सभी स्कूलों के अध्यापकों को सप्ताह में कम से कम दो पीरियड स्वच्छता अभियान के लिए निर्धारित करने के निर्देश दिए। इससे विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्कूल परिसर साफ-सुथरा रहेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे गोद लिए गए स्कूलों को अपना संस्थान समझकर जिम्मेदारी निभाएं। विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेष सहायता और मार्गदर्शन भी उपलब्ध करवाएं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X