Pilibhit News:आठ हजार निजी वाहन स्वामियों को राहत, हर साल फिटनेस का झंझट खत्म – Relief For 8,000 Private Vehicle Owners; The Hassle Of Annual Fitness Certification Comes To An End
पीलीभीत। जिले के करीब आठ हजार निजी वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग ने बड़ी राहत दी है। छह से अधिक सीट क्षमता वाले निजी वाहनों के लिए अब वार्षिक फिटनेस कराने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त के आदेश के बाद नई व्यवस्था लागू की गई है।
अब ऐसे वाहन स्वामियों को हर साल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने के लिए परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और रुपये दोनों की बचत होगी। नई व्यवस्था का लाभ व्यक्तिगत और पारिवारिक उपयोग में आने वाले निजी वाहनों को मिलेगा।
पूर्व व्यवस्था के तहत चालक को छोड़कर छह से अधिक सीट क्षमता वाले निजी वाहनों का हर साल फिटनेस कराना अनिवार्य था। इसमें वे वाहन भी शामिल थे, जिनका इस्तेमाल केवल परिवार के सदस्य करते थे। ऐसे वाहन स्वामियों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रतिवर्ष परिवहन कार्यालय जाना पड़ता था। एआरटीओ सुशील मिश्रा ने बताया कि परिवहन आयुक्त के आदेश के बाद इस अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। इससे जिले के लगभग आठ हजार वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, वाहन स्वामियों को सड़क सुरक्षा और वाहन की तकनीकी स्थिति का ध्यान रखना होगा। नई व्यवस्था से निजी वाहन मालिकों की वार्षिक औपचारिकता कम होगी।
