Pilibhit News:मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपी दोनों एसडीएम अब किए गए प्रतीक्षारत – Both Sdms Accused Of Irregularities In Voter List Have Now Been Put On Waiting List
पीलीभीत। सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद कार्रवाई के दायरे में आए दोनों एसडीएम को शासन ने प्रतीक्षारत कर दिया है।
मयंक गोस्वामी और हेमंत कुमार चौधरी को एक दिन पहले शुक्रवार शाम को ही लखनऊ में नई तैनाती दी गई थी, लेकिन शनिवार को दोनों को प्रतीक्षारत सूची में डालने का आदेश जारी हो गया। इधर, जिलाधिकारी आलोक कुमार ने दोनों अधिकारियों को पीलीभीत से कार्यमुक्त कर दिया है।
दूसरी ओर मतदाता सूची में अनियमितताओं के मामले में पांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की भूमिका को लेकर भी डीएम ने चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज दी है। अब आगे की कार्रवाई पर आयोग के निर्णय का इंतजार है।
शासन की ओर से शुक्रवार को जारी स्थानांतरण आदेश में एसडीएम हेमंत कुमार चौधरी को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी और एसडीएम मयंक गोस्वामी को बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी), चकबंदी मुख्यालय लखनऊ बनाया गया था। हालांकि, शनिवार को जारी नए आदेश में दोनों अधिकारियों को प्रतीक्षारत कर दिया गया।
इससे पहले शुक्रवार को मिली नई तैनाती को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों ने सवाल उठाए थे। इसके बाद शासन स्तर पर हुए बदलाव की जिले में चर्चा रही। शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने दोनों अधिकारियों को जिले से कार्यमुक्त करने के आदेश जारी कर दिए। दोनों अधिकारियों के खिलाफ मतदाता सूची में अनियमितताओं को लेकर दर्ज मुकदमे और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया पहले से चल रही है। ऐसे में नई तैनाती के बाद उन्हें प्रतीक्षारत किए जाने को इस प्रकरण के घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
