Pratapgarh News:यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 से 28 जनवरी तक – Up Board Practical Examinations To Be Held From January 11 To 28
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सोमवार को वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। ये परीक्षाएं दो चरणों में होंगी।
पहले चरण की परीक्षा 11 से 19 जनवरी तक और दूसरे चरण की परीक्षा 20 से 28 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। इन्हें सीसीटीवी की निगरानी में कराया जाएगा और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कराई जा सके।
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से यह टाइमटेबल जारी किया गया है। इस परीक्षा में 52 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं। पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल शामिल होंगे। दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल में परीक्षाएं होंगी।
हाईस्कूल के विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर होंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान में 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बोर्ड द्वारा आयोजित की जाएंगी। व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा।
अंक अपलोड करने के लिए एक जनवरी से खुलेगी वेबसाइट
हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन के अंक (विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर) ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसमें नैतिक, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक भी शामिल होंगे। इंटरमीडिएट के नैतिक, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के अंक भी परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड होंगे। अंक अपलोड करने के लिए वेबसाइट एक जनवरी से सक्रिय हो जाएगी।
विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी के पहले सप्ताह में होंगी। कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। ये सभी परीक्षाएं विद्यालय के प्रधानाचार्यों की देखरेख में कराई जाएंगी।
