रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रायबरेली

Raebareli News:हड़ताल पर रहे आउटसोर्सिंग कर्मी – Outsourced Workers On Strike

November 29, 2026


रायबरेली। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कंसल्टेंट एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) व जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को आगे भी जारी रखेंगे।

एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप पांडेय ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) की गाइडलाइन के अनुसार मानदेय निर्धारित करना और प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि शामिल है। इसके अतिरिक्त, आउटसोर्स कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज और 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा का लाभ भी प्रदान किया जाए।

महामंत्री बालेंद्र त्रिपाठी और कोषाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि शनिवार को सीडीओ और डीपीआरओ को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद, 29 नवंबर को जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। 30 नवंबर को मंडल स्तर पर ज्ञापन देने के बाद, एक दिसंबर से आउटसोर्सिंग कर्मचारी प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे। सात दिसंबर को पंचायतीराज मंत्री और निदेशालय का घेराव करने की भी योजना है।

कार्य बहिष्कार में राहुल सिंह, रोहित सिंह, प्रेरित कटियार, खंड प्रेरक नमिता यादव, श्याम सुंदर, बनवारीलाल, दीपक कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर शालू सिंह सहित कई अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X