Lakhimpur Kheri News:शारदा नदी के बीच व्यक्ति पर हिंसक जानवर का हमला – Wild Animal Attacks Person In The Middle Of The Sharda River
पलियाकलां। पलिया कोतवाली क्षेत्र के तहत शारदा नदी में किसी काम से गए एक युवक पर हिंसक जानवर ने अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में युवक के हाथ और पीठ पर जानवर के नाखूनों से गहरी खरोंचें आई हैं।
पलिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम श्रीनगर निवासी सुदर्शन (40) पुत्र भागीरथ ने बताया कि वह अपने घर से किसी काम के सिलसिले में शारदा नदी की ओर गया हुआ था। जब वह नदी के बीचोबीच था तभी घात लगाए बैठे किसी अज्ञात हिंसक जानवर ने उसपर हमला कर दिया। युवक के शोर मचाने और किसी तरह खुद को बचाने के बाद जानवर वहां से भाग निकला। हमले में सुदर्शन के हाथ और पीठ पर पंजों व नाखूनों के निशान बन गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में चर्चा है कि युवक पर तेंदुए ने हमला किया है। पलिया रेंज के रेंजर विनय कुमार सिंह ने कहा कि मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी। डिप्टी रेंजर सूरत सिंह बिष्ट वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया है। बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर किसी जानवर के नाखूनों से खरोंच लगने की पुष्टि हुई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि समीपवर्ती भीरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा पुल के उस पार तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी और जांच-पड़ताल कर रही है। फिलहाल घायल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
