रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:ज्वैलर्स की दुकान से डेढ़ लाख के जेवर चोरी, आठ दिन बाद प्राथमिकी – Jewellery Worth 1.5 Lakh Stolen From A Jewellery Shop; Fir Registered Eight Days Later

November 26, 2026


स्वार। मिलक खानम कस्बे में ज्वैलर्स की दुकान पर बैठे दुकानदार के बेटे को बातों में उलझाकर दो अज्ञात लोग करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार ने फुटेज पुलिस को सौंप दी है। घटना के आठ दिन बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिलक खानम निवासी सौरभ वर्मा की कस्बे में सांवरिया ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। 17 नवंबर को वह किसी काम से रामपुर गए थे। इस दौरान उनका बेटा वेदांत वर्मा दुकान पर बैठा था। दोपहर करीब 11:22 बजे दो अज्ञात लोग दुकान पर पहुंचे और वेदांत को बातचीत में उलझा लिया।

इसी दौरान दोनों दुकान से पांच ग्राम की दो सोने की अंगूठियां, तीन ग्राम की एक जोड़ी सोने की बालियां और करीब 100 ग्राम चांदी का सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। दोपहर 3:45 बजे सौरभ वर्मा के लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चला।

सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि दुकानदार की तहरीर पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X