Rampur News:ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत – Youth On A Motorcycle Dies After Being Hit By A Tractor
सैफनी। थाना मूंढापांडे क्षेत्र के झौंडा गांव के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। ट्रैक्टर की चपेट में आने से चंद्रपुर कलां गांव निवासी उपदेश (35) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, उपदेश सोमवार सुबह रौन्डा-झौंडा चौराहे से अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। झौंडा गांव के पास पहुंचते ही वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
उपदेश अपने पीछे पत्नी, दो बेटों और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार में चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मूंढापांडे के प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी के अनुसार, मामले में कार्रवाई की जा रही है।
