Rewari News:प्रेमी से कराई थी क्लर्क पति की हत्या, पत्नी समेत तीन दोषियों को उम्रकैद – Wife Had Her Clerk Husband Murdered By Her Lover; Three Convicts, Including The Wife, Sentenced To Life Imprisonment
रेवाड़ी। कोसली थाना क्षेत्र के गांव सुधराना में 2019 में हुई सुरेंद्र कुमार की हत्या के मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंकिता शर्मा की अदालत ने सुरेंद्र की पत्नी सीमा, उसके प्रेमी जींद जिले के पांडु पिंडारा निवासी अनिल व उसके दोस्त मनीष को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही 60-60 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
23 दिसंबर 2019 को कोसली पुलिस को सूचना मिली थी कि नूंह की अदालत में क्लर्क के पद पर कार्यरत सुधराना निवासी सुरेंद्र कुमार (जोथे) की हत्या कर दी गई है। प्रारंभिक बयान में मृतक की पत्नी सीमा यादव ने बताया था कि 21 दिसंबर की शाम सुरेंद्र घर आए थे और 22 दिसंबर की रात खाना खाने के बाद वह व बेटा बेड पर और पति सुरेंद्र कुमार कमरे में बने स्टोर रूम की चारपाई पर सो गए थे।
रात करीब 11 बजे शोर सुनकर उठने पर उन्होंने तीन-चार व्यक्तियों पर मारपीट करने और एक व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से सिर पर वार करने की बात कही थी। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए थे। बाद में सुरेंद्र का निधन हो गया।
इस संबंध में थाना कोसली में हत्या सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस की जांच के दौरान मामले में यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई बाहरी हमला नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश थी।
सुरेंद्र सिंह को रास्ते से हटाकर साथ रहने की बनाई थी योजना
पुलिस ने मामले में संलिप्त अनिल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अनिल ने खुलासा किया था कि वर्ष 2007 से उसकी सीमा से जान-पहचान थी और वर्ष 2017 में पांडु पिंडारा में एक शादी के दौरान दोबारा बातचीत शुरू होने के बाद उसका सुधराना आना-जाना और रात में रुकना शुरू हो गया। दोनों ने सुरेंद्र सिंह को रास्ते से हटाकर साथ रहने की योजना बनाई। योजना के तहत अनिल ने एक नाबालिग व मनीष को 2 लाख रुपये देने की बात पर वारदात के लिए तैयार किया। 22 दिसंबर 2019 की रात सीमा से संपर्क करके दरवाजा खुलवाने के बाद तीनों ने मिलकर सुरेंद्र सिंह की हत्या कर दी और बाइक से अपने गांव लौट गए। इसके बाद पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाते हुए मामले में संलिप्त नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर मनीष और मुख्य साजिशकर्ता सीमा यादव को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस की चार्जशीट, साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर अदालत ने सीमा, अनिल व मनीष को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर चार महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। वहीं, आपराधिक षड्यंत्र की धारा 120बी के तहत भी आजीवन कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना नहीं भरने पर चार महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। धारा 449 के तहत सात वर्ष का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
