Sirmour News:अवैध खनन से खतरे में कालाअंब का मारकंडा पुल, स्तंभों की नींव से खिसक रही मिट्टी – Markanda Bridge Maintance Demand
-बरसात में बह गई थी सुरक्षा के लिए लगाई गई क्रेटवाल और डंगा,
-अब तक दोबारा शुरू नहीं हुआ पुल का मरम्मत कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मारकंडा नदी पर बने पुल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। नदी में लगातार हो रहे कथित अवैध खनन के कारण तल की गहराई बढ़ने और पुल के स्तंभों की नींव के आसपास से मिट्टी का कटाव होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो पुल की नींव प्रभावित हो सकती है और भविष्य में बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा क्षेत्र में मारकंडा नदी में कथित तौर पर लगातार हो रहे अवैध खनन से नदी का तल नीचे जा रहा है। इसका असर कालाअंब स्थित पुल के स्तंभों के आसपास भी दिखाई देने लगा है। इस वर्ष बरसात से पहले पुल के स्तंभों की सुरक्षा के लिए नदी में क्रेटवाल और डंगा लगाया गया था, लेकिन बरसात के दौरान नदी के तेज बहाव में यह सुरक्षा संरचना बह गई। इसके साथ ही पुल के एक स्तंभ की जड़ के आसपास से काफी मात्रा में मिट्टी भी बह गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान सुरक्षा डंगा बहने के बाद अभी तक इसे दोबारा लगाने का काम शुरू नहीं हुआ है। स्तंभों की नींव के आसपास लगातार हो रहा मिट्टी का कटाव चिंता का विषय है। लोगों ने संबंधित विभाग से पुल का तकनीकी निरीक्षण करवाने और स्तंभों की नींव की स्थिति का आकलन करने की मांग की है। उनका कहना है कि संभावित खतरे को देखते हुए समय रहते सुरक्षा कार्य करवाए जाने चाहिए, ताकि पुल की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग सढोरा (हरियाणा) के सहायक अभियंता अनुराग जिंदल ने बताया कि कालाअंब स्थित मारकंडा नदी के पुल का जल्द निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा।
