रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:लेगेसी वेस्ट स्थल के निर्माण में मिलीं खामियां, निर्माण एजेंसी होगी ब्लैकलिस्ट – Flaws Discovered In The Construction Of The Legacy West Site; Construction Agency To Be Blacklisted

November 28, 2026


रेवाड़ी। नगर परिषद की ओर से कान माजरा में बनाए गए लेगेसी वेस्ट स्थल के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने के मामले में जिला नगर आयुक्त ने कार्रवाई की है। जांच में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में खामियां मिलने के बाद जेई वीरपाल को चार्जशीट जारी कर जवाब मांगा गया है।

जेई हैप्पी और एमई नरेश के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इसके अलावा निर्माण करने वाली एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और उसे किए गए 17 लाख 52 हजार 245 रुपये के भुगतान की वसूली के आदेश दिए गए हैं। एजेंसी के सभी लंबित बिलों का भुगतान भी रोक दिया गया है।

नगर परिषद की ओर से कान माजरा में पुराने कचरे के निस्तारण के लिए लेगेसी वेस्ट स्थल का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई।

जांच के दौरान निर्माण में इस्तेमाल की गई विभिन्न सामग्रियों की गुणवत्ता की पड़ताल की गई। इसमें खामियां मिलने पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय की गई।

एजेंसी से होगी पूरी राशि की वसूली

निर्माण कार्य करने वाली भिवानी की एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश जारी किए गए हैं। एजेंसी को अब तक किए गए 17,52,245 रुपये के भुगतान की वसूली की जाएगी। इसके अलावा उसके अन्य लंबित बिलों का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। कार्रवाई के तहत जेई वीरपाल को चार्जशीट जारी की गई है, जबकि जेई हैप्पी और एमई नरेश के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

पांच साल के करीब एक दर्जन विकास कार्य जांच के दायरे में

नगर परिषद की ओर से पिछले पांच वर्षों में कराए गए करीब एक दर्जन विकास कार्यों की जांच चल रही है। इनमें सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी खामियों और अन्य विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं के मामले शामिल हैं। शहर में सड़कों के निर्माण में गड़बड़ी का मुद्दा विधानसभा में भी उठाया जा चुका है।

वर्जन

लेगेसी वेस्ट स्थल के निर्माण में मिली शिकायतों की जांच के बाद कार्रवाई की गई है। निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के साथ भुगतान की वसूली के आदेश भी दिए गए हैं।- अभय यादव, उप जिला नगर आयुक्त।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X