Sirmour News:खेलों से नशे के खिलाफ जंग, सिरमौर के हर उपमंडल में 800 खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य – Khelo Himachal Chitta Mukat Abhiyaan
‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत 10 खेलों की होंगी प्रतियोगिताएं, 30 नवंबर तक करना होगा ऑनलाइन पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान, 2026’ शुरू करने जा रही है। अभियान के तहत क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित 10 खेलों की प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। सिरमौर जिला के प्रत्येक उपमंडल में 800 खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। खिलाड़ियों को 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी उपमंडलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्कूलों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, युवा क्लबों, महिला मंडलों, ग्राम पंचायतों और अन्य संस्थाओं के माध्यम से युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु 15 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागी का संबंधित उपमंडल का निवासी होना अनिवार्य है। पहचान और स्थायी पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड भी जरूरी होगा।
खिलाड़ियों को आधिकारिक पोर्टल https://khelohimachal.hp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान की तैयारियां पूरी करने और प्रतियोगिताओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना है।
